
जमशेदपुर।

भारी जनदबाव और मीडिया की मुहिम के बीच आज खुद स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता ने जुबिली पार्क का गेट प्रशासन की उपस्थिति में खोल दिया।एक अरसे से इसको लेकर मुहिम चल रही थी।पिछले साल locdown के समय से जुबिली पार्क का गेट बंद था।कोरोना गाईडलाईन्स में छूट के बाद पूरे राज्य में पार्क खुलने के बावजूद जुबिली पार्क को काफी बाद में खोला गया और जब खोला गया तो तमाम न ए बंदिशों के साथ जिसमें पार्क के बीच से गुजरनेवाली सार्वजनिक सड़क को बंद रखा गया।इसको लेकर लगातार जनाक्रोश बढ़ता जा रहा था।यहां तक कि नागरिक सुविधा मंच के बैनर तले आंदोलन का आगाज़ करते हुए गतिविधियां अभय सिंह के नेतृत्व में शुरू हो गईं।इसके जवाब में सिविल सोसाईटी का गठन हो गया जो जुबिली पार्क के गेट और सड़क को बंद करने का समर्थन करने लगी।लेकिन अंतत: जनसमर्थन के आगे झुकते हुए मंत्री बन्ना गुप्ता ने आज ये पहल की।
बताते चलें कि जुबिली पार्क के मुद्दे पर राजनीतिक चुप्पी के बीच विधायक सरयू राय ने ही चुप्पी तोड़ते हुए आवाज़ उठाई थी जिसके बाद भाजपा नेता अभय सिंह मुखर हुए।हालांकि सरयू राय ने अफरा तफरी में गेट खोलने पर कटाक्ष करते हुए ट्वीट किया है जिसमें लिखा है कि परिपक्वता का प्रदर्शन होना चाहिए।वहीं अभय सिंह ने स्वागत करते हुए व्यंग्य किया कि सरसो में ही भूत था, जब उपाय हुआ तो भूत भाग गया।
स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता ने आज शाम 5 बजकर 15 मिनट में अपने हाथों से जुबिली पार्क का गेट खोलकर आम जनता को तोहफा दिया।मंत्री बन्ना गुप्ता के साथ जमशेदपुर अशेष के पदाधिकारी कृष्ण कुमार और एसडीओ संदीप मीणा भी उपस्थित रहे। गेट खोलने के बाद मंत्री बन्ना गुप्ता ने स्वयं अपने काफिले और समर्थकों के साथ पूरे जुबिली पार्क का मुआयना किया और अधिकारियों को पूर्व स्थिति बहाल करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर पत्रकारों को संबोधित करते हुए मंत्री बन्ना गुप्ता ने कहा कि जमशेद जी टाटा के सपनों का शहर है। यहां जनसुविधाओं की अहमियत है लेकिन टाटा समूह के कुछ अधिकारी सिर्फ अर्थदोहन और व्यवसाय को प्राथमिकता देते हैं न कि जनसुविधाओं को जो दुखद हैं जिसे बन्ना गुप्ता कभी बर्दाश्त नहीं करेगा।
मंत्री बन्ना गुप्ता ने बताया कि जन भावना का ख्याल रखते हुए उन्होंने आज स्वयं गेट खोला हैं और अधिकारियों को कड़े शब्दों में निर्देश दिया है कि भविष्य में कभी भी गेट बंद न होने पाए और सभी प्रकार के गाड़ियों का आवागमन सुनिश्चित हो।
उन्होंने बताया कि ये जनता की सरकार हैं सरकार से बड़ा कोई भी अधिकारी या कंपनी नही हो सकता, हर कंपनी को सरकार के निर्देशों को मानना होगा, जनता से बड़ा कोई नही हैं, जनभागीदारी सर्वप्रथम हैं।इसलिए जनता की मांग पर उनका प्रतिनिधि आज गेट खोलने आया हैं।
पत्रकारों के सवाल के जवाब में उन्होंने बताया कि इसको खुलवाने के लिए जिला प्रशासन ने कंपनी के अधिकारियों को लगातार पत्राचार किया था, यदि कंपनी नही मानती तो सरकार बड़ी कार्रवाई कंपनी पर कर सकती थी। कई परिवारों की जीविका कंपनी के साथ जुड़ी हुई है इसलिए कड़े फैसले नहीं लिए गए। लेकिन कंपनी की मनमानी न चले इसलिए आज खुद आम जनता के साथ आकर जुबिली पार्क का गेट खोला।

