
जमशेदपुर।


जिला खेल पदाधिकारी श्री मनमोहन प्रसाद ने आज पोटका प्रखंड अंतर्गत गोद लिए भाल्की उच्च विद्यालय के बच्चों से संवाद स्थापित कर उनका मार्गदर्शन किया। उन्होने शिक्षकों से पठन-पाठन पर चर्चा करते हुए बच्चों के शारीरिक एवं मानसिंक विकास हेतु खेलकूद में भी अवसर देने की बात कही। उन्होने शिक्षकों की उपस्थिति तथा बच्चों को दिए जाने वाले सरकारी सुविधाओं यथा पोशाक, साइकिल, स्कूल बैग आदि के वितरण की भी जानकारी ली।
जिला जनसंपर्क पदाधिकारी श्री रोहित कुमार आज गोद लिए उत्क्रमित उच्च विद्यालय, हेंसड़ा(पोटका) पहुंचे। इस दौरान उन्होने 10वीं कक्षा के बच्चों के साथ संवाद स्थापित करते हुए उन्हें बोर्ड परीक्षा में बेहतर अंक लाने हेतु मार्गदर्शन दिया एवं लगन से पढ़ाई करने हेतु प्रोत्साहित किया। उन्होने कहा कि कैरियर में 10वीं बोर्ड परीक्षा ऐसा पड़ाव है जो नींव की काम करता है। नींव मजबूत रहने पर इमारत भी मजबूत बनेगी। उन्होने विद्यालय प्रबंधन द्वारा बच्चों को उपलब्ध कराये गए मॉडल सेट की भी जांच की एवं सभी छात्र-छात्राओं में सभी मॉडल प्रशन पेपर की एक-एक प्रति वितरित करने हेतु प्रभारी प्राचार्य को कहा। मौके पर जिला जनसंपर्क पदाधिकारी द्वारा कक्षा 1 एवं कक्षा 2 के बच्चों के बीच स्कूल बैग का भी वितरण किया गया। प्रभारी प्राचार्य मो. शहाबुद्दीन ने बताया कि कक्षा 1 से कक्षा 8वीं तक के सभी बच्चों को स्कूल बैग दिया जाना है जो दो दिनों के भीतर वितरित कर दिया जाएगा।

