
● बूथ और भवन प्रभारियों को हर दिन पच्चीस घरों में दस्तक देने का मिला टास्क
● महानगर भाजपा अध्यक्ष दिनेश कुमार ने मंडलाध्यक्षों एवम मोर्चा जिला अध्यक्ष संग बैठक कर दिए निर्देश
● फ़रवरी में होगी जमशेदपुर महानगर भाजपा की पिकनिक, जिला से लेकर बूथ स्तरीय कार्यकर्ता होंगे शामिल


जमशेदपुर।नागरिकता संशोधन अधिनियम को लेकर विपक्ष द्वारा फ़ैलाई गई अराजकता और झूठ के विरुद्ध भारतीय जनता पार्टी आक्रामक होकर प्रचार करेगी। जमशेदपुर महानगर भाजपा ने बूथ स्तरीय जनजागरण अभियान चलाने के आशय में रणनीति तैयार की है। गुरुवार को भाजपा के जिला कार्यालय में महानगर अध्यक्ष दिनेश कुमार ने पार्टी के सभी मंडलाध्यक्षों की बैठक में सीएए को लेकर ज़रूरी दिशानिर्देश दिये। दिनेश कुमार ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी रचनात्मक विपक्ष की भूमिका निभाएगी। साथ ही राज्य सरकार जिस प्रकार से सीएए के विरुद्ध धनबाद में हिंसक प्रदर्शन करने वाले तीन हज़ार उपद्रवियों से केस वापस लेने का निर्णय लिया है यह संकेत है कि सूबे की महागठबंधन की सरकार मुस्लिमों को गुमराह कर तुष्टिकरण की राजनीति कर रही है। भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता ग्रामीण क्षेत्रों में बूथ-पंचायत स्तरों तक और शहरी इलाकों में भवन स्तर में जनजागरण अभियान चलाएंगे। इस दौरान भाजपा नागरिकता क़ानून की अनिवार्यता क्यों है इस विषय को लेकर हर दिन पच्चीस परिवारों से मिलेगी। इधर भाजपा जिलाध्यक्ष ने बताया कि आगामी फ़रवरी माह के पहले सप्ताह में ही जमशेदपुर महानगर भाजपा वनभोज का आयोजन करेगी जिसमें जिला से लेकर बूथ स्तरीय भाजपाई शिरकत करेंगे। बताया कि नागरिकता संशोधन क़ानून को लेकर शीघ्र ही महानगर भाजपा विराट प्रबुद्धजन सम्मेलन करेगी। इसका उद्देश्य उक्त क़ानून के ख़िलाफ़ हुए दुष्प्रचार के विरुद्ध लोगों में जागरूकता लाना होगा। बैठक में विशेष रूप से जिलाध्यक्ष दिनेश कुमार समेत मोर्चा जिला अध्यक्ष अमरजीत सिंह राजा,गोपाल जायसवाल,बिमल बैठा, काजू सांडिल्य,मोचीराम बाउरी मंडलाध्यक्षों प्रोबिर चटर्जी राणा,श्रीराम प्रसाद,दीपक झा,ध्रुव मिश्रा,दीपू सिंह,राजेश साव,अमरेंद्र पासवान,उमाशंकर सिंह,चुन्नू भूमिज,मंटू चरण दत्ता,कृपा सिंधु महतो,सुशीलचंद्र महतो,पंकज सिन्हा, जितेंद्र राय,रंजन सिंह,संजय सिंह,संतोष भंज,पिंटू सारंगी,ईश्वर सोरेन,हेमेंद्र जैन,अरुण,महेंद्र कुमार आदि बैठक में मौजूद थें।

