जमशेदपुर।
राज्य के आंगनबाड़ी केन्द्रों में आनेवाले नौनिहालों की परवरिश के लिए सुन्दर वातावरण और सुपोषित आहार देने के लिए हमारी सरकार प्रतिबद्ध है। राज्य के सुदूरवर्ती क्षेत्रों में भी बच्चों को सही पोषण मिले इसके लिए आंगनबाड़ी केन्द्रों में अण्डा अथवा फल वितरण की शुरूआत सरकार करने जा रही है। उक्त बातें राज्य के मुख्यमंत्री रघुवर दास जी ने कही। वे आज जमशेदपुर जिले के सिदगोड़ा स्थित बिरसा मुण्डा नगर भवन में अखिल भारतीय आंगनबाड़ी कर्मचारी महासंघ के सप्तम राष्ट्रीय अधिवेशन को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होने कहा कि कुपोषण से निपटने के लिए 2 मई से राज्य के तीन राँची, दुमका एवं पूर्वी सिंहभूम जिलों में अण्डा अथवा फल वितरण के शुरूआत की जाएगी। इसके अलावे रघुवर दास ने घोषणा की कि राज्य की सभी आंगनबाड़ी सहायिकाओं को वित्त वर्ष 2016-17 में साइकिल वितरण का कार्य पूरा हो जाएगा। मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि सहायिका को 700 रू0 तथा सेविका को 350 रू0 की अतिरिक्त राशि अप्रैल से प्रभावी हो चुकी है। साथ ही मुख्यमंत्री ने यह आश्वासन दिलाया कि सरकार आंगनबाड़ी केन्द्रों से संबंधित समस्याआंे से अवगत है और शीघ्र ही हल खोज लिया जाएगा।मुख्यमंत्री ने राज्य की आने वाली पीढ़ी के नवनिर्माण में आंगनबाड़ी सहायिका-सेविकाओं की भूमिका को अति महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि आंगनबाड़ी केन्द में जो छोटे-छोटे बच्चे आते हैं वे 3-4 वर्ष आयु-वय के होते हैं। यही वह समय है जब मनुष्य के व्यक्तित्व निर्माण की नींव डलती है। इन बच्चों की परवरिश वैसे ही करने की आशा व्यक्त की जैसे कि ये घर के बच्चें हों। इस लिए समाज और राष्ट्र के लिए आंगनबाड़ी केन्द्र की बहनों की भूमिका अत्यन्त महत्वपूर्ण है। मुख्यमंत्री ने कहा कि आंगनबाड़ी सहायिका-सेविका समाज और राष्ट्र को लाभ पहूँचा रही है। एैसे में राज्य सरकार भी उनके हितों के प्रति सजग है। झारखण्ड की सभी आंगनबाड़ी सेविकाओं और सहायिकाओं से प्रधानमंत्री जीवन-ज्योति बीमा योजना के तहत बीमा कराने का अनुरोध किया और कहा कि सभी आंगनबाड़ी सेविका-सहायिका के लिए प्रीमियम दर राज्य सरकार वहन करेगी।
इस अवसर पर जमशेदपुर संसंदीय क्षेत्र के सांसद श्री विद्धुत वरण महतो, पोटका विधायक मेनका सरदार, विभिन्न प्रदेशों के आंगनबाड़ी प्रतिनिधिगण तथा बड़ी संख्या में जिले के गन्यमान्य व्यक्तिगण उपस्थित थें।



