जमशेदपुर: टेल्को, गोविंदपुर, राहरगोड़ा, गदरा सहित उक्त क्षेत्र के लोग इन दिनों टेल्को साउथ गेट में हो रहे हेलमेट, मास्क की चेकिंग से खासे परेशान है। हेलमेट एवं मास्क पहने रहने के बाद भी ट्रैफिक पुलिस लोगों को चेकिंग में परेशान कर रही है। ट्रैफिक पुलिस की इस तरह की कार्रवाई से हो रही परेशानियों को देखते हुए शुक्रवार को सामाजिक सेवा संघ और झारखंड मुक्ति मोर्चा का एक प्रतिनिधिमंडल ट्रैफिक डीएसपी बबन सिंह से मिला तथा उन्हें लोगों की परेशानियों से अवगत कराया। डीएसपी को बताया गया कि साउथ गेट चेकिंग पॉइंट से जेम्को पानी भरने के लिए ग्रामीणों का आना जाना रहता है। साथ ही ड्यूटी, हॉस्पिटल भी आना जाना रहता है। हेलमेट, मास्क रहने के बावजूद भी चेकिंग में रोककर समय बर्बाद किया जाता है। किसी ना किसी बात पर जनता को परेशान किया जा रहा है। नेताद्वय ने डीएसपी से मांग की है कि चेकिंग पॉइंट को अन्ना चौक ले जाया जाए। डीएसपी ने आश्वस्त किया कि चेकिंग के स्थान बदल दिया जाएगा। प्रतिनिधिमंडल में झारखण्ड आंदोलनकारी नेता सपन करवा, संघ के संयोजक राजेश सामंत, उप मुखिया बिरजू पात्रो, सोनू श्रीवास्तव, किशनु हेम्ब्रम आदि उपस्थित थे।
