
Jट्यूमर के कारण मरीज का रोजमर्रा का जीवन पूरी तरह प्रभावित था
जमशेदपुर। ब्रह्मानंद नारायणा मल्टीस्पेशेलिटी अस्पताल (बीएनएमएच), जमशेदपुर ने हाल ही में 6.5 सेमी गुणा 3 सेमी बड़े आकार के डम्बल स्पाइनल ट्यूमर का सफल ऑपरेशन किया। पूर्वी सिंहभूम जिला के के सिन्नी क्षेत्र के निवासी 34 वर्षीय भवानी शंकर पाणी को बीते दिनों बीएनएमएच लाया गया था, जिन्हें बीते 2 महीनों से खड़े होने, चलने में दिक्कत और पेशाब व मल में परेशानी आदि की शिकायत थी। वे पूरी तरह से व्हीलचेयर पर निर्भर थे और शरीर का निचला हिस्सा बिल्कुल भी गति नहीं कर सकता था। डॉक्टर महर्षि, कंसल्टेंट, न्यूरो एंड स्पाइन सर्जरी ने पूरे ऑपरेशन की योजना बनाई और उसे सफलतापूर्वक पूरा किया। सर्जरी के बाद मरीज की हालत में सुधार हुआ और उसे अस्पताल से डिस्चार्ज भी कर दिया गया। एक महीने बाद फॉलो अप के लिए मरीज ओपीडी तक चलकर आया। डॉक्टर महर्षि ने बताया कि ट्यूमर 6.5 सेमी गुणा 3 सेमी के आकार का था जो स्पाइनल कैनाल से एक्स्ट्राड्यूरल पैरावर्टीबल हिस्से तक फैला हुआ था। ट्यूमर ग्रे से मुलते जुलते रंग का था और बहुत सख्त भी था। हिस्टोपैथोलॉजिकल एग्जामिनेशन के बाद ट्यूमर को मिनिंजियोथेलियल मिनिन्जियोमा के रूप में आइडेंटीफाई किया गया। मालूम हो कि बीएनएमएच आने से पहले मरीज ने बहुत से स्थानीय डॉक्टरों से इस विषय में सलाह ली थी, लेकिन कोई हल नहीं निकला। उनको अपने एक संबंधी द्वारा बीएनएमएच के न्यूरोसर्जरी डिपार्टमेंट के बारे में पता चला। यहाँ डॉक्टर महर्षि, कंसल्टेंट, न्यूरो एंड स्पाइन सर्जरी ने उनकी जांच की। एमआरआई के जरिये डी6- डी7 वर्टीब्रा में इंट्राड्यूरल एक्स्ट्राड्यूरल स्पाइनल ट्यूमर के बारे में पता चला, जिसके कारण स्पाइनल कार्ड अपनी जगह से खिसक रही थी और ठीक फेफड़ों के पास फैलने लगी थी।



