सामूहिक नेतृत्व में विस चुनाव लड़ेगी भाजपा : रघुवर

0 56
AD POST

रवि कुमार झा,जमशेदपुर,17 अगस्त

भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रघुवर दास ने कहा है कि पार्टी राज्य में आगामी विधानसभा चुनाव सामूहिक नेतृत्व में ही लड़ेगी। झारखंड गठन से लेकर अभी तक के चुनाव से पहले कभी नेतृत्व की घोषणा नहीं की गई है।

सिदगोड़ा सूर्य मंदिर परिसर में रविवार को आयोजित प्रेसवार्ता में रघुवर दास ने ये बातें कहीं। रघुवर ने कहा कि प्रत्येक राज्य में परिस्थिति के अनुसार विधानसभा चुनाव लड़ा जाता है। झारखंड में भी इस बार विधानसभा चुनाव से पहले नेतृत्व की घोषणा नहीं होगी।

 

रघुवर ने कहा कि झारखंड की स्थिति दूसरे राज्यों से बिल्कुल विभिन्न है। गठन के बाद से अभी तक झारखंड में राजनीतिक अस्थिरता सबसे बड़ी समस्या रही है। झारखंड की जनता आशा भरी निगाहों से भाजपा की ओर देख रही है। केंद्र और राज्य में भाजपा की सरकार बनने के आसार भी नजर आने लगे हैं। भाजपा अपने दमखम पर 50 से अधिक सीटें जीतेगी। भाजपा ही झारखंड में सुशासन, विकास और राजनीतिक स्थिरता दे सकती है।

 

AD POST

रघुवर ने कहा कि वे हमेशा टीम भावना का ख्याल करेंगे। पार्टी ने जिस उम्मीद से उन्हें जिम्मेदारी सौंपी है, उस पर वे शत प्रतिशत खरा उतरने की कोशिश करेंगे। कभी भी वे किसी कार्यकर्ता के स्वाभिमान को ठेस पहुंचने नहीं देंगे।

 

रघुवर दास ने कहा कि प्रधानमंत्री बनने के बाद नरेंद्र मोदी पहली बार 21 अगस्त को झारखंड आएंगे और तोहफे की घोषणा करेंगे। वे देश के सबसे बड़े पावर ग्रिड, थर्मल प्लांट, पेट्रोलियम पाइप लाइन, आईटी एजुकेशन समेत अन्य योजनाओं का ऑनलाइन शिलान्यास करेंगे। अनुसूचित जाति और जनजाति की आकांक्षाओं को पूरा करने की भी कोशिश की जाएगी।

 

प्रेस कांफ्रेंस में रघुवर ने कहा कि लोकसभा चुनाव में कांग्रेस विपक्ष के लायक भी नहीं रही। झारखंड में भी पार्टी का पूरा सफाया हो गया, जबकि झामुमो आधा रह गया है। झामुमो क्षेत्रीय दल भी नहीं रहा। रघुवर दास ने कहा कि झामुमो संथाल परगना का ही राजनीतिक दल बनकर रह गया है।

 

रघुवर ने कहा कि भाजपा में आने वाले लोग बिना शर्त के आ रहे हैं। चुनाव में टिकट केवल जीतने वाले प्रत्याशियों को ही दिया जाएगा। प्रेस कांफ्रेंस में रघुवर दास के साथ भाजपा के महानगर अध्यक्ष राजकुमार श्रीवास्तव, महानगर प्रवक्ता अनिल मोदी, भाजयुमो के प्रदेश मंत्री कुलवंत सिंह बंटी आदि मौजूद थे।

 

 

Leave A Reply

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More