
● 17 फरवरी को जमशेदपुर महानगर से 300 कार और 20 बसों में तीन हज़ार से अधिक भाजपाई जायेंगे राँची


जमशेदपुर। राष्ट्रीय अध्यक्ष जे पी नड्डा और पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह के स्वागत और झारखंड विकास मोर्चा के भाजपा में विलय और महामिलन कार्यक्रम को भव्य और ऐतिहासिक बनाने के लिए जमशेदपुर महानगर भाजपा ने ज़ोरदार तैयारियां की है। भाजपा जिलाध्यक्ष दिनेश कुमार के निर्देश पर पार्टी के सभी मंडलों को संख्यात्मक जिम्मेदारी सुनिश्चित करने को कहा गया है। इसके लिए सभी मंडलों में बैठकें भी लगभग पूरी हो चुकी है। सूबे के पहले मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी के घर वापसी और झाविमो के भाजपा में विलय को भाजपा कार्यकर्ता बड़ी उपलब्धि बताते हुए इसे ख़ास बनाने में पूरी तन्मयता से जुटे हैं। इस आशय में भाजपा जिलाध्यक्ष दिनेश कुमार ने बताया कि 17 फ़रवरी की सुबह आठ बजे जमशेदपुर से तीन हज़ार से अधिक की संख्या में भाजपा कार्यकर्ता राँची कूच करेंगे। सभी मंडलों को संख्यात्मक जिम्मेदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिये गए हैं। अबतक प्राप्त प्राक्वलन के अनुसार 300 कार और 20 कोच बसों का प्रबंध जमशेदपुर महानगर भाजपा की ओर से की गयी है। इसमें विभिन्न मंडलों से पार्टी कार्यकर्ता सोमवार सुबह आठ बजे तक साकची के बौद्ध मंदिर मैदान में जुटेंगे और बाद में एकसाथ राँची के लिए रवाना होंगे।

