
रेल खबर, जमशेदपुर।
दीपावली और छठ महापर्व के दौरान ट्रेनों में हो रही भारी भीड़ को देखते हुए रेलवे ने यात्रियों की सुविधा के लिए एक बड़ी पहल की है। त्योहारों में घर जाने वालों को राहत देने के उद्देश्य से आनंद विहार टर्मिनल और पुरी के बीच एक अनारक्षित स्पेशल ट्रेन चलाने का निर्णय लिया गया है। यह ट्रेन दोनों दिशाओं में एक–एक ट्रिप के रूप में चलाई जाएगी, जिससे झारखंड, बिहार और ओडिशा के हजारों यात्रियों को फायदा होगा।

यह होगा समय
रेलवे द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार, ट्रेन संख्या 04408 आनंद विहार–पुरी अनारक्षित स्पेशल एक्सप्रेस 18 अक्टूबर की रात 11:00 बजे आनंद विहार टर्मिनल से रवाना होगी और 20 अक्टूबर को दोपहर 1:30 बजे पुरी पहुंचेगी। वहीं, वापसी यात्रा के लिए ट्रेन संख्या 04407 पुरी–आनंद विहार स्पेशल 20 अक्टूबर की शाम 4:30 बजे पुरी से चलेगी और 22 अक्टूबर को शाम 7:30 बजे आनंद विहार पहुंचेगी।
READ MORE :Indain Railways:भारत में एक ऐसी ट्रेन जो साल में सिर्फ एक बार चलती है
इन स्टेशनों में शामिल हैं —
गाज़ियाबाद जंक्शन, गोविंदपुरी, फतेहपुर, सुवेदारगंज, मिर्जापुर, पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन, भभुआ रोड, सासाराम, देहरी ऑन सोन, अनुराग नारायण रोड, गया, पहाड़पुर, कोडरमा, हजारीबाग रोड, पारसनाथ, नेताजी सुभाषचंद्र बोस जंक्शन गोमो, चंद्रपुरा, बोकारो स्टील सिटी, पुरुलिया, बराभूम, चांडिल, टाटानगर, घाटशिला, हिजली, बालेश्वर, भद्रक, जाजपुर–केओंझार रोड, कटक, भुवनेश्वर और खुर्दा रोड जंक्शन।
उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड और ओडिशा के रेल यात्रियों को लाभ
रेलवे के अनुसार यह विशेष ट्रेन त्योहारों के दौरान यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए चलाई जा रही है, जिससे दूरदराज के लोगों को अपने घरों तक पहुंचने में सुविधा हो सके। यह ट्रेन उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड और ओडिशा से होकर गुजरेगी और मार्ग में कई प्रमुख स्टेशनों पर ठहराव करेगी।यह अनारक्षित स्पेशल ट्रेन त्योहारों के दौरान लाखों यात्रियों को सस्ते और आसान यात्रा का अवसर देगी। विशेष रूप से झारखंड और बिहार के वे यात्री जो छठ पूजा पर अपने गांव लौटना चाहते हैं, उनके लिए यह ट्रेन किसी तोहफे से कम नहीं है। रेलवे का कहना है कि भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था के लिए संबंधित जोनों को विशेष निर्देश दिए गए हैं ताकि यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

