
जमशेदपुर: जमशेदपुर के सांसद विद्युत बरण महतो के निरंतर प्रयासों और रेल यात्रियों की लंबे समय से चली आ रही मांग को आखिरकार बड़ी सफलता मिली है। रेल मंत्रालय के अंतर्गत रेलवे बोर्ड ने घाटशिला रेलवे स्टेशन पर दो प्रमुख प्रीमियम ट्रेनों के ठहराव को प्रायोगिक आधार पर मंजूरी प्रदान कर दी है। इस संबंध में रेलवे बोर्ड द्वारा 27 अगस्त 2026 को आधिकारिक आदेश जारी कर दिया गया है।


READ MORE :JAMSHEDPUR NEWS:जमशेदपुर में सांस्कृतिक भोजली महापर्व एवं भव्य शोभायात्रा संपन्न
इन ट्रेनों का मिला है ठहराव
रेलवे बोर्ड के आदेश के अनुसार निम्नलिखित दो महत्वपूर्ण ट्रेनों का घाटशिला स्टेशन पर स्टॉपेज स्वीकृत किया गया है:
12859/12860 मुंबई सीएसएमटी–हावड़ा गीतांजलि एक्सप्रेस
12129/12130 पुणे–हावड़ा आजाद हिंद एक्सप्रेस
इन दोनों ट्रेनों का ठहराव प्रायोगिक आधार पर और प्रारंभिक सुविधाजनक तिथि से लागू किया जाएगा। इस निर्णय से घाटशिला सहित पूर्वी सिंहभूम के ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के हजारों यात्रियों को आवागमन में भारी सहूलियत होगी। गीतांजलि एक्सप्रेस के जरिए मुंबई और हावड़ा तथा आजाद हिंद एक्सप्रेस के जरिए पुणे और अन्य प्रमुख शहरों के लिए सीधा रेल संपर्क मजबूत होगा।
लंबे समय से की जा रही थी मांग
घाटशिला स्टेशन पर इन ट्रेनों के ठहराव की मांग लंबे समय से स्थानीय यात्रियों, सामाजिक संगठनों और क्षेत्र के लोगों द्वारा की जा रही थी। सांसद विद्युत बरण महतो ने इस जनभावना को गंभीरता से लेते हुए रेल मंत्रालय एवं रेलवे बोर्ड के समक्ष लगातार पैरवी की थी और कई बार पत्राचार किया था।
रेलवे बोर्ड द्वारा आधिकारिक मंजूरी मिलने के बाद पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है। लोगों का मानना है कि इन ट्रेनों के रुकने से व्यापार, शिक्षा, रोजगार, चिकित्सा और अन्य जरूरी कार्यों के लिए लंबी दूरी की यात्रा करने वाले लोगों को विशेष लाभ मिलेगा।
READ MORE :JAMSHEDPUR NEWS :जमशेदपुर के बिष्टुपुर में बैंककर्मियों का प्रदर्शन, 5 दिवसीय बैंकिंग की मांग
मुख्य बातें
स्वीकृत ट्रेनें: गीतांजलि एक्सप्रेस (12859/12860) और आजाद हिंद एक्सप्रेस (12129/12130)।
आधार: प्रायोगिक आधार पर घाटशिला स्टेशन पर ठहराव।
प्रमुख प्रयास: सांसद विद्युत बरण महतो के लगातार पत्राचार और मांग का परिणाम।
यात्री लाभ: मुंबई, पुणे और हावड़ा जैसे महानगरों के लिए सीधी कनेक्टिविटी आसान।


