
जमशेदपुर।


राज्य सरकार की पहल तथा भगवान महावीर विकलांग सहायता समिति के सहयोग से जमशेदपुर सदर अस्पताल में अब दिव्यांगों को निशुल्क कृत्रिम पैर तथा हाथ उपलब्ध कराने हेतु केन्द्र का उद्घाटन किया गया। इस अवसर पर राज्य के स्वास्थ्य सचिव नितिन मदन कुलकर्णी, उपायुक्त रविशंकर शुक्ला, अनुमंडल पदाधिकारी धालभूम चंदन कुमार, टाटा स्टील के कार्यकारी अधिकारी एवं प्रबंध निदेशक टी.वी नरेन्द्रन द्वारा दीप जलाकर केन्द्र का विधिवत उद्घाटन किया गया।
पूर्वी सिंहभूम जिले के दिव्यांग लोगों को अब निशुल्क कृत्रिम हाथ तथा पैर उपलब्ध हो सकेगा। ऐसे दिव्यांग जो किसी कारणवश अपना पैर या हाथ खो चुके हैं उन्हे निशुल्क कृत्रिम पैर और हाथ उपलब्ध हो जाने से उन्हें नया जीवन मिल सकेगा तथा वे आत्मनिर्भर हो सकेंगे।
राज्य के स्वास्थ्य सचिव नितिन मदन कुलकर्णी ने कहा कि भगवान महावीर विकलांग सहायता समिति केन्द्र की स्थापना में राज्य सरकार ने जो सहयोग दिया है वह राज्य सरकार की दिव्यांगो के प्रति संवेदनशीलता को दर्शाता है। उन्होने कहा कि दिव्यांगों के कल्याण के लिए राज्य सरकार भगवान महावीर विकलांग सहायता समिति को हमेशा सहयोग देती रहेगी।
उपायुक्त रविशंकर शुक्ला ने भगवान महावीर विकलांग सहायता समिति केन्द्र की स्थापना को एक बड़ी उपलब्धी बताते हुए कहा कि इसकी स्थापना से क्षेत्र के दिव्यांगों का कल्याण होगा। उन्होने कहा कि राज्य सरकार के पहल पर केन्द्र का उद्घाटन किया गया है जिससे जिले के दिव्यांगों को अब कृत्रिम पैर तथा हाथ सदर अस्पताल में ही निशुल्क उपलब्ध हो सकेगा।
उद्घाटन समारोह में लायन्स क्लब के बड़ी संख्या में सदस्य, सामाजिक कार्यकर्ता, दिव्यांग तथा अन्य उपस्थित थे।

