– आदर्शनगर सोनारी में बनगभाषी महिलाएं कर रही दुर्गा पूजा
: चैत्र नवरात्र में सोनारी नार्थ के आदर्श नगर 7 फेज में बंगभाषी महिलाओं द्वारा की जा रही दुर्गा पूजा में खासी भीड़ उमड़ रही है। आदर्श नगर 7 फेज में साल की दोनों नवरात्र में कॉलोनी की महिलाएं पिछले 9 वर्ष से सामूहिक रूप से देवी दुर्गा की पूजा का आयोजन कर रही हैं। यहां की पूजा की विशेष बात यह है कि पूजा के लिए किसी से चन्दा नहीं लिया जाता है। कॉलोनी की महिलाएं घर खर्च में से कुछ बचाकर धन जुटाती हैं और सभी साल भर जोड़े गए पैसों को आपस में मिलाकर पूजा की सामग्री और भोग-प्रसाद की व्यवस्था करती हैं। आदर्श नगर फेज 7 में महिलाएं वर्ष 2008 से साल की दोनों नवरात्र में दुर्गा पूजा का आयोजन करती हैं।
इस वर्ष चैत्र नवरात्र की दुर्गा पूजा का शुभारंभ सोमवार पंचमी तिथि से हुआ। यह अनुष्ठान दशमी शनिवार तक चलेगा। पूरे छह दिन तक चलने वाली पूजा में हर रोज निशुल्क भोग वितरण किया जा रहा है। साथ ही रोज शाम को महिलाएं सांस्कृतिक कार्यक्रम का भी आयोजन कर रही हैं। गुरूवार को अष्टमी पूजा श्रद्धा के साथ की गई। कल नवमी शुक्रवार को कुमारी पूजन होगा। वहीं दशमी शनिवार को पुष्पांजलि और सिंदूर खेला के बाद मां को विदा किया जाएगा। आयोजन में रूमा बिस्वास, अंजली सरकार, चंदना चटर्जी, माला राय, सग्गू, अनूप मुखर्जी, स्वर्णा और शुभ्रा समेत कॉलोनी की तमाम महिलाएं सक्रिय हैं।
