
जमशेदपुर
टाटानगर स्टेशन आने के दौरान पुरी-आनंद विहार नीलांचल एक्सप्रेस के पेंट्रीकार में शुक्रवार की शाम पश्चिम बंगाल स्थित हिजली रेलवे स्टेशन से पूर्व आग लग गई। आग एलएचबी कोच वाली पेंट्रीकार की चिमनी में लगी थी। चलती ट्रेन की पेंट्रीकार में आग लगने पर नीलांचल एक्सप्रेस के यात्रियों में दहशत फैली है। जबकि पेंट्रीकार कर्मचारियों में भगदड़ का माहौल कायम था। ट्रेन ड्यूटी रेलकर्मियों ने पेंट्रीकार आग पर चार फायर उपकरण से काबू पा लिया। जबकि पेंट्रीकार की आग में खाद्य सामग्री (खाना एवं नाश्ता) जलकर राख हो गई। लेकिन पेंट्रीकारकर्मियों ने खड़गपुर स्टेशन की मदद से दो सौ यात्रियों के खाने का पैकेट तैयार करा लिया। इससे टाटानगर स्टेशन पर जनाआहार कैंटीन समेत स्टॉलों में तैयार तीन सौ से ज्यादा खाने का पैकेट बर्बाद हो गया। आईआरसीटीसी के सुपरवाइजर बी दामोदरन ने कहा कि, यात्रियों को खानपान में कोई दिक्कत नहीं हुई है। लेकिन रेलवे व आईआसीटीसी पेंट्रीकार में आग की जांच कराएगी।
टाटा में हुई जांच: चक्रधरपुर मंडल मुख्यालय के आदेश पर वाणिज्य निरीक्षक शंकर झा, खानपान निरीक्षक आरएन मिश्रा, मुख्य टिकट निरीक्षक मलय मल्लिक व आरपीएफ एएसआई अखिलेश कुमार ने रात में 8.50 बजे टाटानगर स्टेशन के तीन नंबर प्लेटफॉर्म पर नीलांचल एक्सप्रेस के पेंट्रीकार की स्थिति जांची है।
शार्ट सर्किट से लगी आग: नीलांचल एक्सप्रेस के एलएचबी कोच वाली पेंट्रीकार शार्ट सर्किट से आग लगी थी। रेल अधिकारियों को पूछताछ के दौरान आईआरसीटीसी के सुपरवाइजर ने यह जानकारी दी। आईआरसीटीसी सुपरवाइजर के अनुसार, चिमनी से चिंगारी भड़की थी। इधर, रेल अधिकारियों की टीम ने पेंट्रीकार में गैस चूल्हा मिलने से इनकार किया है।



