
धनबाद। भारत की सबसे बड़ी एकीकृत बिजली कंपनी टाटा पावर को ओडिशा बिजली नियामक आयोग (ओईआरसी) से ओडिशा के नेस्को के पांच सर्कल्स में बिजली के वितरण और रिटेल आपूर्ति के लिए लेटर ऑफ इंटेंट (एलओआई) मिला है। इनमें बालासोर, भद्रक, बारीपाड़ा, जजपुर और क्यांेझर क्षेत्र शामिल हैं। बोली दस्तावेजों की शर्तों के अनुसार प्रबंधन नियंत्रण में 51 प्रतिशत इक्विटी हिस्सेदारी टाटा पावर के पास रहेंगी और शेष 49 प्रतिशत इक्विटी राज्य सरकार की मलिकी की जीआरआईडीसीओ के पास रहेगी। इस संबंध में टाटा पावर के सीईओ और एमडी डॉ. प्रवीर सिन्हा ने बताया कि ओडिशा के लोगों की सेवा का अवसर हमें मिल रहा है यह हमारे लिए गर्व की बात है। आधुनिकतम प्रौद्योगिकी के जरिए उपभोक्ताओं को किफायती कीमतों में बिजली की विश्वसनीय और गुणवत्तापूर्ण आपूर्ति करने, साथ ही उन्हें सर्वोत्तम सेवाएं प्रदान करने के लिए हम प्रतिबद्ध हैं। हमें यह अवसर देने के लिए और ओडिशा के लोगों की जिंदगियों में उजियारा लाने की टाटा पावर की प्रतिबद्धता को और अधिक मजबूत करने के लिए हम ओडिशा सरकार बिजली नियामक आयोग के आभारी हैं। मालूम हो कि ओडिशा की और एक वितरण कंपनी को शामिल कर लेने के बाद अब टाटा पावर के पास ओडिशा राज्य की पूरी आबादी को बिजली सेवा देने का विशेषाधिकार होगा। राज्य के लगभग 90,00,000 उपभोक्ता अब राज्य भर में परिचालन प्रक्रियाओं में समान प्रक्रियाओं और तालमेल का अनुभव करेंगे। इस विस्तार से अब टाटा पावर की कुल उपभोक्ता संख्या में मौजूदा 96 लाख से करीबन 120 लाख तक की वृद्धि होगी। फिलहाल यह कंपनी मुंबई, नयी दिल्ली, अजमेर और ओडिशा के मध्य, दक्षिण, पश्चिम भागों में बिजली वितरण और रिटेल आपूर्ति सेवाएं मुहैया कर रही है।


