धनबाद पुलिस को एकबार फिर बड़ी कामयाबी मिली है। पुलिस ने फोन पर एक लाख रुपये की रंगदारी मांगने वाले आरोपी को बिहार के नवादा से धर-दबोचा है। आरोपी ने जिस मोबाइल से रंगदारी मांगी थी, उसे भी बरामद कर लिया गया है। गिरफ्तार आरोपी का नाम नवलेश कुमार है, जो नवादा थाना क्षेत्र के डोला गांव का निवासी है। इस मामले पर रविवार को डीएसपी विधि-व्यवस्था मुकेश कुमार ने जानकारी देते हुए कहा कि नवादा जिले के रहने वाले अनिल कुमार चौरसिया को पिछले दिनों 18 जनवरी को दोपहर 4 बजे के करीब उन्हें 8579966391 मोबाइल नंबर से कॉल आया। फोन करने वाले ने उनसे एक लाख रुपये की रंगदारी की मांग की। रुपये नहीं देने पर आरोपी ने गोली मार देने की धमकी दी। उस वक्त वे धनबाद में अपने रिश्तेदार के यहां आये हुए थे।




