
देवघर: आयकर विभाग (देवघर) और संथाल परगना चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज़ (देवघर) के संयुक्त तत्वावधान में शुक्रवार, 18 सितंबर 2026 को देवघर के होटल मेरिन ब्लू में एक महत्वपूर्ण ‘टीडीएस (TDS) एवं टीसीएस (TCS) जागरूकता कार्यशाला’ का आयोजन किया गया। इस कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य स्थानीय व्यवसायियों और उद्यमियों को कर संबंधी प्रावधानों के प्रति जागरूक करना और उन्हें अनुपालन की बारीकियों से अवगत कराना था।
पीपीटी के माध्यम से समझाए गए कर कटौती के नए प्रावधान
कार्यशाला में आयकर विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों ने व्यवसायियों का मार्गदर्शन किया।धनबाद से आए टीडीएस रेंज-3 के अपर आयकर आयुक्त नरसिंह कुमार खलखो ने पीपीटी (PPT) प्रेजेंटेशन के माध्यम से टीडीएस और टीसीएस के बारे में विस्तृत जानकारी दी।उन्होंने स्पष्ट किया कि टीडीएस और टीसीएस कर अनुपालन व्यवस्था का एक बेहद अहम हिस्सा है। व्यवसायियों को नए प्रावधानों की जानकारी रखनी चाहिए और निर्धारित समय-सीमा में सही अनुपालन सुनिश्चित करना चाहिए, ताकि वे अनावश्यक ब्याज और दंडात्मक कार्रवाई से बच सकें।देवघर टीडीएस वार्ड के आयकर अधिकारी राज कुमार ने टीडीएस की सही कटौती, समय पर कर जमा करने, रिटर्न दाखिल करने और प्रमाणपत्र जारी करने जैसे व्यावहारिक पहलुओं पर प्रकाश डाला।वहीं, देवघर वार्ड 3(1) के आयकर अधिकारी रॉय राजेश ने कर अनुपालन में पारदर्शिता और समयबद्धता को महत्वपूर्ण बताते हुए व्यवसायियों से आयकर कानूनों में होने वाले बदलावों के प्रति जागरूक रहने की अपील की।
चैंबर ने बताया उपयोगी, व्यवसायियों ने दूर की शंकाएं
संथाल परगना चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज़ के अध्यक्ष गोपाल कृष्ण शर्मा ने इस कार्यशाला को व्यापारिक समुदाय के लिए अत्यंत उपयोगी बताया।उन्होंने कहा कि कर कानूनों में लगातार होते बदलावों के बीच ऐसे जागरूकता कार्यक्रम व्यवसायियों को सही जानकारी देने और त्रुटियों से बचाने में बड़ी भूमिका निभाते हैं।देवघर चैंबर के अध्यक्ष रवि केशरी ने भी कार्यशाला को संबोधित किया।
शंका समाधान और धन्यवाद ज्ञापन
इस इंटरैक्टिव कार्यशाला के दौरान चैंबर के पदाधिकारियों, कार्यकारिणी सदस्यों और व्यवसायियों ने टीडीएस-टीसीएस से जुड़ी अपनी व्यावहारिक शंकाएं अधिकारियों के समक्ष रखीं, जिनका अधिकारियों ने विस्तार से समाधान किया।
कार्यक्रम के अंत में चैंबर और आयकर विभाग की ओर से उपस्थित सभी अधिवक्ताओं, चार्टर्ड अकाउंटेंट्स (CA), टैक्स प्रैक्टिशनर्स, उद्यमियों और व्यवसायियों को धन्यवाद ज्ञापित किया गया। आयकर विभाग के अधिकारियों ने सफल आयोजन के लिए संथाल चैंबर और देवघर चैंबर का विशेष आभार व्यक्त किया।


