
देवघर। सावन महीने की कांवड़ यात्रा के दौरान मंगलवार सुबह देवघर में एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। जिले के मोहनपुर थाना क्षेत्र के जमुनिया मोड़ के पास एक कांवड़ियों से भरी बस और गैस सिलेंडर लदे ट्रक के बीच जोरदार टक्कर में कई श्रद्धालुओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दर्जनों घायल हो गए हैं।

निशिकांत दुबे ने ट्वीट कर जताया शोक, बोले– 18 श्रद्धालुओं की गई जान”
हादसे की पुष्टि स्थानीय सांसद डॉ. निशिकांत दुबे ने की है। उन्होंने कहा कि यह घटना उनके लोकसभा क्षेत्र में हुई है और वे व्यक्तिगत रूप से स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। सभी मृतक बैद्यनाथधाम में जल अर्पण करने के बाद बासुकीनाथ की ओर जा रहे थे। सांसद निशिकांत दुबे ने ट्वीट किया है कि ‘मेरे लोकसभा के देवघर में श्रावण मास में कांवर यात्रा के दौरान बस और ट्रक के दुर्घटनाग्रस्त होने के कारण 18 श्रद्धालुओं की मौत हो गई है । बाबा बैद्यनाथ जी उनके परिजनों को दुख सहने की शक्ति प्रदान करें।’
मेरे लोकसभा के देवघर में श्रावण मास में कांवर यात्रा के दौरान बस और ट्रक के दुर्घटनाग्रस्त होने के कारण 18 श्रद्धालुओं की मौत हो गई है । बाबा बैद्यनाथ जी उनके परिजनों को दुख सहने की शक्ति प्रदान करें
— Dr Nishikant Dubey (@nishikant_dubey) July 29, 2025
हालांकि, प्रशासनिक सूत्रों ने अब तक 5 मौतों की पुष्टि की है। सांसद द्वारा बताई गई संख्या की अभी तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बस की रफ्तार तेज थी और मोड़ पर सामने से आ रहे ट्रक से आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस के परखच्चे उड़ गए और कई यात्रियों के शव क्षत-विक्षत अवस्था में बाहर निकाले गए।
घायलों को आनन-फानन में देवघर सदर अस्पताल और आसपास के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में भर्ती कराया गया। स्थानीय प्रशासन, पुलिस, एनडीआरएफ और एंबुलेंस टीमें तत्काल मौके पर पहुंचीं और राहत-बचाव कार्य शुरू किया गया। अब भी मलबे में शव होने की आशंका जताई जा रही है।
हादसे के बाद पूरे इलाके में कोहराम मच गया। मृतकों की शिनाख्त की जा रही है। देवघर उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक घटनास्थल पर मौजूद हैं।
सांसद ने हादसे पर दुख जताते हुए राज्य सरकार से घायलों के समुचित इलाज और मृतकों के परिजनों को मुआवजा देने की मांग की है।
मुख्य बिंदु:
हादसा सुबह जमुनिया मोड़ पर हुआ
बस में सवार थे कांवड़िए, बासुकीनाथ जा रहे थे
ट्रक में लदे थे सिलेंडर, आमने-सामने की टक्कर
5 की मौत, दर्जनों घायल
स्थानीय सांसद निशिकांत दुबे ने दी जानकारी


