
देवघर। झारखंड के सुप्रसिद्ध धार्मिक और ऐतिहासिक जिला देवघर में प्रशासनिक नेतृत्व में बड़ा बदलाव हुआ है। देवघर जिला के 48वें उपायुक्त (DC) के रूप में सौरभ कुमार भुवानिया ने आधिकारिक तौर पर पदभार ग्रहण कर लिया है। उन्होंने समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में निवर्तमान उपायुक्त शशि प्रकाश सिंह से कार्यभार लिया। पदभार ग्रहण करने के बाद नए उपायुक्त ने जिले के विकास और आगामी योजनाओं को लेकर अपनी प्राथमिकताओं को स्पष्ट किया।
विश्वप्रसिद्ध राजकीय श्रावणी मेला 2026 है मुख्य फोकस
READ MORE..JAMSHEDPUR NEWS: जमशेदपुर प्रधान डाकघर में महा-अभियान, अब 12 घंटे लगातार मिलेगी आधार सेवा
पदभार संभालते ही उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया ने साफ कर दिया कि उनकी सबसे पहली और बड़ी प्राथमिकता आगामी राजकीय श्रावणी मेला 2026 का भव्य और सुरक्षित आयोजन करना है। उन्होंने कहा कि बाबाधाम आने वाले देवतुल्य श्रद्धालुओं को सभी आवश्यक सुविधाएं मुहैया कराना प्रशासन का मुख्य लक्ष्य होगा। प्रशासन का प्रयास रहेगा कि कांवर यात्रा के बाद श्रद्धालु देवघर से एक सुखद और यादगार अनुभूति लेकर अपने घर लौटें, जिससे झारखंड राज्य सरकार की छवि और गरिमा को पूरे देश में नई ऊंचाई मिले।
बेहतर प्रशासनिक समन्वय और स्टेकहोल्डर्स का साथ
मीडिया और आम जनता से बात करते हुए नए उपायुक्त ने समन्वय (Coordination) पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि देवघर जैसे महत्वपूर्ण जिले को सुचारू रूप से चलाने के लिए आम जनता के अलावा सभी स्टेकहोल्डर्स, मीडिया बंधु, जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ मिलकर काम किया जाएगा। एक बेहतर प्रशासनिक माहौल तैयार करना उनकी प्राथमिकता है, ताकि जिले के सभी विकास कार्य और कानून व्यवस्था बिना किसी बाधा के सुचारू रूप से चलती रहे।
अंतिम पायदान तक पहुंचेगी सरकार की जनकल्याणकारी योजनाएं
विकास योजनाओं के धरातल पर क्रियान्वयन को लेकर सौरभ कुमार भुवानिया ने अपनी प्रतिबद्धता जताई। उन्होंने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम पायदान पर बैठे व्यक्ति तक पहुंचाना उनका मुख्य उद्देश्य है। जिले में चल रही शत-प्रतिशत महत्वाकांक्षी योजनाओं को जमीन पर उतारा जाएगा, ताकि सभी योग्य लाभुकों को उनका हक मिल सके और कोई भी पात्र व्यक्ति सरकार की योजनाओं से वंचित न रहे।


