पारस सिंह झा
देवघर,। झारखंड स्थापना दिवस समारोह-2026 के अवसर पर देवघर में स्वच्छता और जन-जागरूकता को बढ़ावा देने के लिए विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। आगामी 15 नवंबर को सुबह 7 बजे स्थानीय इंडोर स्टेडियम से जलसार तालाब तक ‘रन फॉर क्लीनलीनेस’ के तहत दौड़ का आयोजन होगा। इसके साथ ही जलसार तालाब सहित शहर के अन्य छठ घाटों पर विशेष सफाई अभियान चलाया जाएगा।
कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में स्थापना दिवस समारोह की रूपरेखा पर चर्चा करते हुए उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
READ MORE :Adityapur News :आदित्यपुर-कांड्रा मार्ग पर शाम 5 से रात 8:30 बजे तक भारी वाहनों की ‘नो-एंट्री’, सड़क हादसों और जाम पर लगेगी लगाम
स्वच्छता अभियान को जन-आंदोलन बनाने पर जोर
उपायुक्त ने कहा कि स्वच्छता अभियान को केवल प्रशासनिक कार्यक्रम तक सीमित नहीं रखा जाना चाहिए, बल्कि इसे जन-आंदोलन का रूप दिया जाना चाहिए। इसके लिए प्रशासनिक अधिकारियों के साथ स्कूली बच्चों, आम नागरिकों और स्वयंसेवी संस्थाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
उन्होंने संबंधित विभागों को निर्देश दिया कि दौड़ और सफाई अभियान से जुड़ी सभी तैयारियां समय पर पूरी कर ली जाएं। विशेष रूप से जलसार तालाब और अन्य छठ घाटों की साफ-सफाई पर ध्यान देने को कहा गया।
READ MORE :ADITYAPUR NEWS: छठ पूजा पर सुरक्षा चाक-चौबंद, सपड़ा दोमुहानी घाट पर पुलिस ने तैनात की विशेष गोताखोर टीम
युवाओं और सामाजिक संगठनों से भाग लेने की अपील
उपायुक्त ने जिले के नागरिकों, युवाओं और सामाजिक संगठनों से 15 नवंबर को सुबह 7 बजे इंडोर स्टेडियम पहुंचने और ‘रन फॉर क्लीनलीनेस’ में शामिल होने की अपील की। उन्होंने कहा कि सामूहिक सहभागिता से स्वच्छता और जागरूकता का संदेश समाज के हर वर्ग तक पहुंचाया जा सकता है।
बैठक में अपर नगर आयुक्त रजनीश कुमार, जिला खेल पदाधिकारी संतोष कुमार, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी रोहित कुमार विद्यार्थी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।

