देवघर के सभी प्रमुख छठ घाटों पर दंडाधिकारी और पुलिस पदाधिकारी तैनात, श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षित आयोजन के लिए प्रशासन अलर्ट
देवघर। लोक आस्था का चार दिवसीय महापर्व छठ पूरे देवघर जिले में श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। छठ महापर्व के अवसर पर उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया ने डड़वा नदी छठ घाट पर पहुंचकर अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया। इस दौरान पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर और अनुमंडल पदाधिकारी रवि कुमार भी मौजूद रहे।
घाट पर पहुंचने पर स्थानीय छठ पूजा समिति के सदस्यों ने उपायुक्त सहित अन्य वरीय अधिकारियों का स्वागत किया। संध्या अर्घ्य के बाद उपायुक्त ने जिलेवासियों को छठ महापर्व की शुभकामनाएं देते हुए भगवान सूर्य से सभी के जीवन में सुख, समृद्धि और ऊर्जा का संचार करने की कामना की।
प्रशासनिक व्यवस्था की उपायुक्त ने की सराहना
उपायुक्त ने छठ महापर्व के सफल और शांतिपूर्ण आयोजन में जुटे वरीय अधिकारियों, दंडाधिकारियों, पुलिस पदाधिकारियों, सुरक्षा बलों और एनडीआरएफ की टीम के कार्यों की सराहना की। उन्होंने छठ पूजा समितियों से जिला प्रशासन के साथ लगातार समन्वय बनाए रखने और आयोजन में सहयोग करने की अपील की।
सभी छठ घाटों पर सुरक्षा और यातायात की निगरानी
उपायुक्त के निर्देश पर जिले के सभी चिन्हित छठ घाटों पर दंडाधिकारी और पुलिस पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है। अधिकारी लगातार घाटों का निरीक्षण कर विधि-व्यवस्था, श्रद्धालुओं की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था पर नजर रख रहे हैं।
जिला प्रशासन का प्रयास है कि छठ घाटों पर आने वाले श्रद्धालुओं और छठव्रतियों को किसी तरह की परेशानी न हो तथा महापर्व का आयोजन शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न हो।



