
देवघर, 9 जून: जिलावासियों की समस्याओं के त्वरित निष्पादन और समाधान को लेकर समाहरणालय में उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया की अध्यक्षता में जनता दरबार का आयोजन किया गया। इस जनता दरबार में जिले के शहरी और ग्रामीण दोनों क्षेत्रों से भारी संख्या में लोग अपनी शिकायतें लेकर पहुंचे। उपायुक्त ने संवेदनशीलता दिखाते हुए एक-एक कर सभी फरियादियों की समस्याओं को सुना और अधिकारियों को कड़े निर्देश जारी किए।

कई सरकारी योजनाओं के मामलों का हुआ ऑन स्पॉट निष्पादन
जनता दरबार के दौरान राहत की बात यह रही कि कई मामलों का मौके पर ही निष्पादन कर दिया गया। राशन कार्ड में नाम जोड़ने, पीएम किसान योजना, झारखण्ड मुख्यमंत्री मईंया सम्मान योजना, पेंशन और भू-राजस्व से संबंधित मामलों का ऑन स्पॉट निराकरण संबंधित विभागीय अधिकारियों द्वारा किया गया। इससे दूर-दराज से आए ग्रामीणों को काफी राहत मिली।
READ MORE..RANCHI NEWS: झारखंड के 13 प्रधान डाकघरों में आधार सेवाओं का समय बढ़ा, अब सुबह 7 से शाम 5 बजे तक होगा काम
भूमि और मुआवजे से जुड़े मामलों पर उपायुक्त के सख्त निर्देश
दरबार में भू-अर्जन, मुआवजा भुगतान, भू-राजस्व, पेंशन और आवास से जुड़े कई अहम मामले उपायुक्त के समक्ष रखे गए। उपायुक्त ने सभी आवेदनों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को भौतिक जांच (Physical Verification) करने का आदेश दिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि सभी अधिकारी शिकायतों का जल्द से जल्द समाधान सुनिश्चित करें।
सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा करने वालों पर होगी कड़ी कार्रवाई
अवैध भूमि अतिक्रमण के मामलों पर कड़ा रुख अपनाते हुए उपायुक्त ने सभी अंचलों के अंचलाधिकारियों (CO) को निर्देशित किया कि सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा करने वालों को चिन्हित कर उन पर सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। इसमें किसी भी तरह की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बीडीओ और सीओ को हर बुधवार समस्या सुलझाने का टारगेट
आम नागरिकों को होने वाली प्रशासनिक और मानसिक असुविधाओं को दूर करने के उद्देश्य से उपायुक्त ने सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों (BDO) और अंचलाधिकारियों (CO) को विशेष निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि हर बुधवार को प्रखंड सह अंचल कार्यालयों में आयोजित होने वाले जनता दरबार में ज्यादा से ज्यादा स्थानीय समस्याओं का निपटारा स्थानीय स्तर पर ही किया जाए।
READ MORE..CHANDIL NEWS: नारायण आईटीआई में श्रद्धा के साथ मनाई गई भगवान बिरसा मुंडा की पुण्यतिथि, ‘उलगुलान’ को बताया युवाओं की प्रेरणा, आदिवासी महानायक को दी गई भावपूर्ण श्रद्धांजलि
एक सप्ताह के भीतर मांगी गई रिपोर्ट
मामलों की मॉनिटरिंग को मजबूत करने के लिए उपायुक्त ने सभी संबंधित अधिकारियों को आदेश दिया है कि वे जनता दरबार में आए आवेदनों पर त्वरित कार्रवाई करें और एक सप्ताह के अंदर अपनी एक्शन टेकन रिपोर्ट (प्रतिपुष्टि) उपायुक्त कार्यालय को सौंपें। इस अवसर पर कार्यपालक दंडाधिकारी ओम प्रियदर्शी, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी रोहित कुमार विद्यार्थी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मी उपस्थित थे।


