
आज शहादत दिवस के अवसर पर ऐतिहासिक रोहिणी शहीद स्थल पर एक गरिमामय श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथियों द्वारा राष्ट्रध्वज को सलामी देकर की गई। इसके उपरांत देश की आजादी के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम (1857) के अमर नायकों—शहीद सलामत अली, शहीद अमानत अली और शेख हारून को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए माल्यार्पण किया गया।

इस गौरवमयी अवसर पर उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया, पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर, नगर निगम महापौर रवि राउत, नगर आयुक्त रोहित सिन्हा, उप विकास आयुक्त पीयूष सिन्हा, अपर समाहर्ता हीरा कुमार और अनुमंडल पदाधिकारी रवि कुमार सहित कई स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।
अमर शहीदों का बलिदान देशहित की प्रेरणा: उपायुक्त
श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करते हुए उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया ने कहा कि आजादी की पहली लड़ाई के अमर नायकों का सर्वोच्च बलिदान हमेशा वंदनीय रहेगा। आज हम सब इतिहास की उस पावन धरा पर खड़े हैं, जिसे ‘रोहिणी शहीद स्थल’ कहा जाता है। इन वीरों को हमारी सच्ची श्रद्धांजलि यही होगी कि हम इनके बलिदान से सीख लें। उन्होंने युवाओं और नागरिकों से अपील की कि देशहित व राज्य सेवा की भावना को सर्वोपरि रखकर एक बेहतर भविष्य के निर्माण में अपना योगदान दें और समाज की बेहतरी के लिए एक ‘हीरो’ बनकर कार्य करें।
READ MORE..JAMSHEDPUR NEWS: जनता की समस्याओं पर एक्शन में उपायुक्त, जन शिकायत निवारण दिवस में दिए त्वरित निपटारे के निर्देश
रोहिणी शहीद स्थल पार्क का जल्द होगा जीर्णोद्धार
पार्क के महत्व को रेखांकित करते हुए उपायुक्त ने एक बड़ी घोषणा की। उन्होंने कहा कि रोहिणी शहीद स्थल पार्क बेहद प्रसिद्ध है और जल्द ही इसका जीर्णोद्धार और सौंदर्यीकरण का कार्य शुरू किया जाएगा। उन्होंने आयोजन समिति के सदस्यों से कहा कि इस पार्क की बेहतरी के लिए जो भी आवश्यक कदम उठाने हों, उठाएं। इसे और भी गौरवशाली बनाने के लिए जिला प्रशासन द्वारा हर संभव मदद की जाएगी।
शहीदों की बदौलत आजाद भारत में ले रहे हैं सांस: एसपी
कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर ने शहीद सलामत अली, अमानत अली और शेख हारून के योगदान को नमन किया। उन्होंने कहा, “आज इस पावन भूमि पर मैं गौरवांवित महसूस कर रहा हूँ। हमारे शहीदों की अमूल्य शहादत ने राष्ट्रभक्ति की एक अनूठी गाथा लिखी है। आजाद भारत में अगर हम चैन की साँस ले पा रहे हैं, तो यह सिर्फ और सिर्फ हमारे वीर शहीदों की वजह से है, जिन्होंने अपने प्राणों की परवाह किए बिना हमारे बेहतर कल के लिए अपना जीवन न्यौछावर कर दिया।”
READ MORE..Bihar Police Exam Special Train 2026 :बिहार पुलिस भर्ती परीक्षा के लिए 16 और 17 जून को चलेंगी दर्जनों स्पेशल ट्रेनें,यात्रा से पहले पूरी टाइमिंग और रूट यहाँ चेक करें
स्वतंत्रता सेनानियों के परिजन हुए सम्मानित
शहादत दिवस के इस विशेष मौके पर उपायुक्त, पुलिस अधीक्षक, उप विकास आयुक्त, अनुमंडल पदाधिकारी और उपस्थित जनप्रतिनिधियों द्वारा स्वतंत्रता सेनानियों के सभी परिजनों के प्रति आभार व्यक्त किया गया। प्रशासन की तरफ से उन्हें आदर पूर्वक शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर ताराचंद जैन, दिगंबर जैन धार्मिक न्यास परिषद के अध्यक्ष, सुधीर देव (समिति के अध्यक्ष), प्रो० रामनंदन सिंह, जिला योजना पदाधिकारी, उप नगर आयुक्त, गोपनीय प्रभारी, जिला खेल पदाधिकारी सहित विभिन्न प्रखंडों के प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी एवं समिति के सम्मानित सदस्यगण उपस्थित थे।



