
देवघर। जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त सौरभ कुमार भुवानिया ने शनिवार को कल्याणपुर स्थित वेयर हाउस का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने वेयर हाउस की सुरक्षा व्यवस्था सहित भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित विभिन्न मानकों के अनुपालन की स्थिति का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने वेयर हाउस में विद्युत व्यवस्था, वीवीपैट हॉल, बीयू हॉल समेत अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने सुरक्षा से जुड़े इंतजामों का भी बारीकी से निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उपायुक्त ने वेयर हाउस के मुख्य गेट पर लगाए गए सील, परिसर में तैनात सुरक्षा जवानों तथा विभिन्न कमरों और परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों का अवलोकन किया। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था को लगातार प्रभावी बनाए रखने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान अग्निशमन यंत्रों की भी जांच की गई। उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को समय-समय पर फायर सेफ्टी उपकरणों और फायर बॉक्स मशीनों की जांच कराने तथा उनकी साफ-सफाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया, ताकि किसी भी आपात स्थिति में इनका प्रभावी ढंग से उपयोग किया जा सके।
उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों से कहा कि वेयर हाउस की सुरक्षा व्यवस्था में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। साथ ही भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित सभी मापदंडों और दिशा-निर्देशों का पूरी तरह अनुपालन सुनिश्चित किया जाए।
निरीक्षण के दौरान सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि, उप-निर्वाचन पदाधिकारी सागरी बराल, पुलिस पदाधिकारी एवं संबंधित कर्मी मौजूद रहे।

