
जमशेदपुर।समाहरणालय सभागार, पूर्वी सिंहभूम, जमशेदपुर में आज उपायुक्त श्री रविशंकर शुक्ला द्वारा बेहतर प्रदर्शन करने वाले 6 प्रज्ञा केंद्र संचालकों को अंग वस्त्र एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। जिले में कुल 610 निबंधित प्रज्ञा केंद्र संचालित हो रहे हैं। केंद्र सरकार एवं राज्य सरकार संपोषित योजनाओं में बेहतर प्रदर्शन के आधार पर इन प्रज्ञा केंद्र संचालकों का चयन किया गया था। केंद्र सरकार की प्रधानमंत्री जन आरोग्य आयुष्मान भारत योजना के लाभुकों के गोल्डन कार्ड बनाने, प्रधानमंत्री किसान मानधन पेंशन योजना में योग्य लाभुकों के निबंधन, श्रम शक्ति अभियान के तहत असंगठित क्षेत्रों में कार्यरत श्रमिकों का निबंधन में बेहतर कार्य करने वाले 6 प्रज्ञा केंद्र संचालकों का चयन अगस्त माह के प्रदर्शन के आधार पर किया गया। उपायुक्त ने प्रज्ञा केंद्र संचालकों को संबोधित करते हुए कहा कि आयुष्मान भारत योजना के तहत योग्य लाभुकों का गोल्डन कार्ड शत-प्रतिशत बनाएं। उन्होंने प्रधानमंत्री किसान मानधन योजना से भी किसानों को जोड़ने का निर्देश दिया। उन्होंने 2 अक्टूबर तक प्रखंड स्तर पर प्रज्ञा केंद्र संचालकों का बैठक कराने का निर्देश दिया। उपायुक्त ने प्रज्ञा केंद्र संचालकों को बताया कि 15 अक्टूबर तक प्रखंड स्तर पर सरकारी योजनाओं के सफल क्रियान्वयन हेतु उन्हें प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा जिससे सरकारी योजनाओं के संबंध में कार्य करने में आ रही समस्याओं का निष्पादन हो सकेगा। उपायुक्त ने कहा कि पंचायत भवन में सर्वाधिक दिन बैठने के आधार पर भी प्रज्ञा केंद्र संचालकों की रैंकिंग की जाएगी। उपायुक्त द्वारा आज जिन प्रज्ञा केंद्र संचालकों को सम्मानित किया गया उनके नाम इस प्रकार हैं- विकास कुमार, मृणाल पाल, निपेंद्र महतो, चितरंजन मन्ना, रवि कुमार और मुरारी कुमार। इस अवसर पर मुख्य रूप से जिला योजना पदाधिकारी, ई-डिस्ट्रिक्ट मैनेजर तथा अन्य उपस्थित थे।



