जमशेदपुऱ.
मुख्यमंत्री कृषि आशीर्वाद योजना के सफल क्रियान्वयन के उद्देश्य से आज मुख्यमंत्री के सचिव एवं कृषि सचिव द्वारा संयुक्त रूप से वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से सभी जिले के उपायुक्त को दिशा निर्देश दिए गए।
उपायुक्त को निर्देश दिए कि पूर्वी सिंहभूम जिले में 18 जनवरी को सभी गांवों मे ग्राम सभा का आयोजन करना सुनिश्चित करें और सभी ग्राम सभा में राज्य सरकार का एक प्रतिनिधि उपस्थित हो कर लोगों को मुख्यमंत्री कृषि आशीर्वाद योजना के संबंध में बताए। साथ ही इस योजना का लाभ कैसे प्राप्त किया जा सकता है उसके बारे में भी रैयतों को विस्तार से बताएं। उन्होंने निर्देश दिया कि जिल के सभी पदाधिकारी एक ग्राम सभा में जरूर उपस्थित हों। 18 जनवरी को पूरे राज्य में ग्राम सभा कर गांव स्तर पर रैयत समन्वय समिति का गठन करवाने के निर्देश सचिव ने दिए।
मुख्यमंत्री के सचिव सुनील कुमार बर्णवाल ने मुख्यमंत्री कृषि आशीर्वाद योजना को राज्य सरकार की अति महत्त्वपूर्ण योजना बताते हुए उपायुक्त से कहा कि मुख्यमंत्री इस योजना के बेहतर कार्यान्वयन के लिए गम्भीर हैं। मुख्यमंत्री इसके माध्यम से किसानों के जीवन में महत्त्वपूर्ण बदलाव लाने को प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने निर्देश दिया कि योजना की जानकारी हरेक किसान तक पहुंचे। उन्होंने इसके प्रचार-प्रसार के लिए स्थानीय भाषा और बोली का सहारा लेने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि पम्पलेट आदि के साथ साथ आडियो-विजुवल माध्यम का ज्यादा से ज्यादा उपयोग करें। इसके लिए एलईडी वैन और अन्य माध्यमों का सहारा भी लें। उन्होंने कहा कि जहां किसानों की खेतिहर जमीन का सर्वे नहीं हुआ है, वहां मैन्युअल तरीका अपनाएं।
कृषि सचिव पूजा सिंघल ने उपायुक्तों को अपनी निगरानी में ग्राम सभा 18 जनवरी को कराने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि सरकार की इस महत्वपूर्ण योजना में हर स्तर के जनप्रतिनिधियों की सहभागिता भी सुनिश्चित करें।
आज के वीडियो कान्फ्रेंसिंग में उपायुक्त के अतिरिक्त एडीसी, जिला कृषि पदाधिकारी और सहायक बंदोबस्त पदाधिकारी उपस्थित थे।




