मिलने वाले विभिन्न सरकारी अनुदानों की दी जानकारी, बढ़ाया हौसला।
जमशेदपुर। मुख्यमंत्री कैम्प कार्यालय के उप समाहर्ता संजय कुमार ने आज विश्व कैंसर दिवस पर मेहर बाई टाटा मेमोरियल अस्पताल जाकर कैंसर प्रभावित रोगियों का हाल-चाल लिया। वार्ड में भर्ती मरीजों और उनके परिजनों से अनौपचारिक बातचीत करते हुए उन्हें सरकारी स्तर पर मिलने वाली अनुदान प्रक्रिया के बारे में बताया। मरीजों के परिजनों को मुख्यमंत्री गम्भीर रोग उपचार सहायता योजना एवं मुख्यमंत्री निःशुल्क डायग्नोस्टिक जाँच योजना के बारे में विस्तार से बताते हुए जानकारी दी कि झारखण्ड राज्य अन्तर्गत 72 हजार रुपये तक वार्षिक आय वाले परिवार के किसी भी सदस्य को कैंसर होने की स्थिति में सरकार द्वारा अधिकतम 4 लाख रुपये तक अनुदान का प्रावधान है। इतना ही नहीं बल्कि बीमारी के वास्तविक इलाज के पूर्व आवश्यक जाँचों में होने वाले व्यय को भी निर्धारित जाँच केन्द्रों की मदद से निःशुल्क किया गया है। उप समाहर्ता ने बताया कि हाल ही में सरकार ने निर्णय लिया है कि अब महिलाओं के स्तन और गर्भाशय कैंसर की जाँच एवं इलाज राज्य में निःशुल्क होगा। इसके लिए श्मुख्यमंत्री निःशुल्क सर्वाइकल कैंसर एण्ड ब्रैस्ट कैंसर स्कैनिंग स्कीमश् के तहत राज्य की महिलायें (गर्भाशय के मामले में 21 से 65 वर्ष आयु की महिलायें जबकि स्तन कैंसर के मामले में 40 से 75 वर्ष आयु की) दायरे में आयेंगी। उन्होंने अस्पताल अधीक्षक डाॅ0 आर0 वागजी से आग्रह किया कि वे अपने स्तर पर भी मरीजों एवं उनके परिजनों को उक्त सरकारी सहायता अनुदानों के बारे में जानकारी जरुर दें। श्री कुमार ने कैंसर से जंग लड रहे मरीजों की हौसला अफजाई करते हुए कहा कि वे अपना हौसला कम न होने दें। इस अवसर पर अधीक्षक डाॅ0 आर0 वागजी, कैंसर रोग विशेयज्ञ डाॅ0 अमित कुमार के अलावा अस्पताल कर्मी एवं मरीजों के परिजन मौजूद थे।
