चाईबासा। देश विरोधी बातें करने वालों की देश में कोई जगह नहीं होनी चाहिए। केंद्र सरकार को ऐसे लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करनी चाहिए। उक्त बातें द्वारिका ज्योतिष पीठ के दंडी महाराज स्वामी अभिमुक्तेश्वरानंद सरस्वती जी महाराज ने कहीं। महाराज बुधवार को मनोहरपुर के मुनि आश्रम प्रांगण में पत्रकारों से बात कर रहे थे। समीज आश्रम में होलिकोत्सव कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे दंडी महाराज ने असदुद्दीन ओवैसी समेत कई नेताओं के नाम लेकर उनपर कार्रवाई करने की बात कही। दंडी महाराज ने कहा कि भारत विश्व गुरु व विश्व का सबसे प्राचीन देश है। यहां वसुधैव कुटुम्बकम् की संस्कृति रही है, फिर भारत देश में असहिष्णुता कैसे हो सकती है।
उन्होने कहा कि सिंहभूम जिले में विश्व कल्याण आश्रम की ओर से सिंहभूम मंगलम् कार्यक्रम चलाया जायेगा। इसके तहत वह और ज्योतिष पीठ के सदस्य सिंहभूम के प्रत्येक गांव का दौरा करेंगे। इस दौरान क्षेत्र के लोगों से सीधा संवाद कर कल्याण की कामना करते हुए कार्यक्रम चलाया जायेगा।
महाराज ने कहा कि हमारे देश में अगर अभिव्यक्ति की आजादी है तो देश तोड़ने की बात करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई का भी प्रावधान है। सरकार को देश तोड़ने की बात करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करनी चाहिए।
महाराज ने ने धर्मांतरण के खिलाफ ग्रामीणों को जागरूक होने का आह्वान किया। इससे पूर्व दंडी महाराज ने मुनि आश्रम से सटे विश्व कल्याण आश्रम की जमीन का निरीक्षण किया। इस दौरान ज्योतिष पीठ के सदाशिव ब्रह्मेश्वरानंद सरस्वी जी, पीठ पंडित रवि शस्त्री जी, राजेन्द्र जी आदि मौजूद थे।
