
चाईबासा।
झारखण्ड स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन के तत्वाधान में प0 सिंहभूम जिला क्रिकेट संघ द्वारा आयोजित सीनियर अंतर जिला प्लेट ग्रुप प्रतियोगिता (रणधीर वर्मा ट्राफी) 2015-16 के अंतगर्त बिरसा मुण्डा क्रिकेट स्टेडियम मैदान पर खेले गए दूसरे सेमीफाइनल मैच में गिरीडीह की टीम ने गुमला की टीम को 6 विकटो से पराजित कर फाइनल में अपना स्थान सुनिश्चित किया।
चाईबासा के बिरसा मुण्डा क्रिकेट स्टेडियम मैदान पर खेले गए दूसरे सेमीफाइनल मुकाबले में टॉस गिरीडीह ने जीता और पहले क्षेत्ररक्षण करने का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए गुमला की टीम ने 39.2 ओवरो में 139 रन बनाकर ऑलआउट हो गयी। गुमला की ओर से बल्लेबाजी करते हुए उद्घाटक बल्लेबाज आयुष राज ने 51 गेंदो पर 9 चौकों सर्वाधिक 43 रन बनाए। अन्य बल्लेबाजो में उत्कर्ष मोर्या ने 52 गेंदो पर 4 चौकों की मदद से 32 रन, अलोक लकड़ा ने 26 गेंदो पर 3 चौकों की मदद से 21 रन एवं नरेन्द्र सिंह ने 25 गेंदो पर 3 चौकों की मदद से 15 रनों का योगदान दिया। गेंदबाजी करते हुए गिरीडीह की ओर से घातक गेंदबाजी करते हुए मोदस्सर नजर ने 20/4 विकेट, अविनाश कुमार ने 8/3 विकेट, अजय कुमार ने 24/2 विकेट एवं प्रेम चौरसिया ने 30/1 विकेट लिए।
जीत के लिए 140 रनों का पीछा करने उतरी गिरीडीह की टीम ने 23.5 ओवरों में 4 विकेट खोकर 140 रन बनाए और लक्ष्य को असानी से प्राप्त कर लिया। गिरीडीह की ओर से बल्लेबाजी करते हुए अनुज विधार्थी ने 43 गेंदो पर 3 चौकों एवं 3 छक्कों की मदद से सर्वाधिक 43 रन बनाए। अन्य बल्लेबाजो में उद्घाटक बल्लेबाज मनजीत कुमार ने 36 गेंदो पर 5 चौकों की मदद से 26 रन, दूसरे उद्घाटक बल्लेबाज अविनाश कुमार ने 16 गेंदो पर 3 चौकों एवं 2 छक्कों की मदद से 25 रन एवं प्रतीक प्रकाश ने 30 गेंदो पर 4 चौकों की मदद से 23 रन बनाए। गुमला की ओर शिवांषु सिंह ने 40/3 विकेट एवं कृष्णकांत झा ने 21/1 विकेट लिए।
आज के मैच में ऑलराउण्डर प्रदर्शन के लिए गिरीडीह के अविनाश कुमार को मैन ऑफ द मैच चुना गया जिसे जे0एस0सी0ए0 के आजीवन सदस्य शाहिद अख्तर ने ट्राफी प्रदान किया।
फाइनल मुकाबला गिरीडीह एवं पहले सेमीफाइनल की विजेता टीम लोहरदगा के बीच 9 मार्च (बुधवार) को प्रातः 9 बजे से खेला जाएगा। मैच की समाप्ति के बाद पुरस्कार वितरण समारोह में प0 सिंहभूम के पुलिस अधीक्षक श्री इन्द्रजीत महथा बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित रहकर खिलाडि़यों को पुरस्कृत करेंगे। प0 सिंहभूम जिला क्रिकेट संघ के सचिव असीम कुमार सिंह ने बताया कि इस अवसर पर झारखण्ड स्टेट क्रिकेट एसोशिएसन के सचिव श्री राजेश वर्मा ने भी विशिष्ठि अतिथि के तौर पर उपस्थित रहने की सहमति प्रदान की है।

