
बोकारो।

झारखण्ड विधानसभा के।पूर्व अध्यक्ष एवं चतरा के पूर्व सांसद इन्दर सिंह नामधारी की तबीयत गुरूवार शाम अचानक खराब हो जाने पर उन्हें बोकारो जेनरल अस्पताल (बीजीएच) में भर्ती कराया गया। अस्पताल के आईसीयू वार्ड में उनका इलाज जारी है तथा हालत खतरे से बाहर बतायी जा रही है। प्राप्त जानकारी के अनुसार श्री नामधारी यहां विश्व मानवाधिकार संघ के एक कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे। कार्यक्रम का पश्चात उनकी सेहत बिगड़ गयी। कार्यक्रम के उपरांत बोकारो निवास में विश्राम के क्रम में ही उन्हें ठण्ड के साथ-साथ सीने में दर्द और सांस लेने में तकलीफ होने लगी। इसके बाद उन्हें लगभग साढ़े चार बजे बोकारो जेनरल अस्पताल ले जाया गया, जहाँ डाक्टरों ने यथोचित जांच के बाद उन्हें आईसीयू (इंसेटिव केयर यूनिट) में भर्ती कराया। श्री नामधारी को अपने वाहन में बीजीएच ले जाने वाले बोकारो इस्पात मजदूर संघ के महामंत्री एवं भाजपा नेता सुमन सिंह के अनुसार श्री नामधारी समाचार लिखे जाने तक आईसीयू में ही हैं। बीजीएच के हृदयरोग विशेषज्ञ डा. सतीश कुमार की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है और हालत खतरे से बाहर है।

