
● अभय कुमार चौबे पदमुक्त, अनमोल वर्मा मण्डलाध्यक्ष मनोनीत
जमशेदपुर।
भारतीय जनता पार्टी के जमशेदपुर महानगर अंतर्गत सुंदरनगर मण्डल में सांगठनिक फ़ेरबदल की गयी। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष के निर्देश पर सुंदरनगर मण्डल के अध्यक्ष अभय कुमार चौबे को पदमुक्त करने की कार्यवाई की गयी है। वहीं भाजयुमो के जिला मीडिया प्रभारी अनमोल वर्मा को सुंदरनगर मंडल का अध्यक्ष मनोनीत किया गया है। सांगठनिक कार्यों में शिथिलता बरतने और पार्टी द्वारा निर्देशित कार्यक्रमों को ससमय संपन्न ना किये जाने पर प्रदेश अध्यक्ष ने सम्बंधित आदेश दिए है। इस आशय का पत्र जारी करते हुए प्रदेश महामंत्री -सह- भाजपा के जमशेदपुर लोकसभा प्रभारी दीपक प्रकाश ने भाजपा जिलाध्यक्ष दिनेश कुमार को सम्बंधित सूचना दी है। हाल में संपन्न महानगर भाजपा की बैठक के बाद सभी मण्डलों में संपन्न कार्यक्रमों एवं पार्टी गतिविधियों की फीडबैक रिपोर्ट जिला एवं लोकसभा प्रभारीयों के माध्यम से प्रदेश संगठन को भेजी गयी थी। सांगठनिक कार्यों में शिथिलता बरते जाने पर संगठन ने पदमुक्त करने की कार्यवाई की है। बुधवार शाम को प्रदेश महामंत्री दीपक प्रकाश ने सम्बंधित आदेश जारी करते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष दिनेश कुमार को अवगत कराया है। इस पत्र की प्रतिलिपि प्रदेश अध्यक्ष एवं संगठन महामंत्री को भी भेजी गयी है। सुंदरनगर मंडल के नए मनोनीत मण्डलाध्यक्ष अनमोल वर्मा को इस आशय की जानकारी देते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष ने शुभकामनाएं व्यक्त कर पूरी तन्मयता से पार्टी कार्यक्रमों को संपन्न करने तथा केंद्र-राज्य सरकार की महत्वपूर्ण योजनाओं से क्षेत्र के लोगों को लाभ दिलाने का निर्देश दिया है।

