
जमशेदपुर: भाजपा जमशेदपुर महानगर जिलाध्यक्ष दिनेश कुमार के नेतृत्व में जमशेदपुर के सांसद विद्युत वरण महतो संग भाजपाइयों ने मंगलवार को उपायुक्त रविशंकर शुक्ला को जमशेदपुर पूर्वी विधानसभा की समस्याओं एवं शिकायतों पर ध्यान आकृष्ट कराते हुए ज्ञापन सौंपे। ज्ञापन में जमशेदपुर पूर्वी के नवनिर्वाचित विधायक सरयू राय द्वारा घोड़ाबांधा थीम पार्क में भारतीय जन मोर्चा नामक संगठन के बैनर तले आयोजित वनभोज में खुलेआम वन प्रशासन द्वारा तय नियमों व आदेशों का खुलेआम उल्लंघन कर कार्यक्रम आयोजित करने व पूर्वी विधानसभा अंतर्गत विभिन्न सामुदायिक भवनों के संचालन में विधायक सरयू राय के समर्थकों द्वारा अवरोध उत्पन्न करने और धमकियां देने के आशय में उचित कार्यवाई की मांग की गई। ज्ञापन में बताया गया कि घोड़ाबंधा थीम पार्क परिसर में कई स्थानों पर वन प्रमंडल पदाधिकारी, मानगो वन प्रक्षेत्र के हस्ताक्षर से सार्वजनिक नोटिस चस्पा है। उक्त नोटिस में बड़े अक्षरों में विभागीय आदेश अंकित हैं कि थीम पार्क में चूल्हे और ज्वलनशील पदार्थों के प्रयोग को वर्जित किया गया है। जमशेदपुर की आम जनता द्वारा उक्त पार्क में वनभोज करने पर वन विभाग द्वारा सख्ती की जाती है और चूल्हों तथा अन्य ज्वलनशील पदार्थों के प्रयोग पर रोक लगायी जाती है। पर अजीव विडंबना है कि विधायक सरयू राय के वनभोज आयोजन में वन प्रशासन के आदेशों/नियमों की सरेआम अवमानना की गयी किंतु सम्बंधित विभाग एवं जमशेदपुर प्रशासन द्वारा इस आशय में किसी प्रकार की कोई रोक लगाने हेतु प्रयास नहीं किये गए। वहीं, बताया गया कि विधायक सरयू राय जी के तथाकथित समर्थकों द्वारा भाजपा कार्यकर्ता तथा क्षेत्र के विभिन्न सामुदायिक भवनों का संचालन कर रही समितियों से जुड़े लोगों को धमकियां दी जा रही है। कुछ एक जगहों पर मारपीट और हिंसक घटनाएं भी घटित हुए हैं जिसकी सूचना विगत दिनों ज्ञापन के माध्यम से उपायुक्त को सूचित किया गया। बताया कि सरयू राय जी के निर्वाचन के पश्चात से ही पूर्वी विधानसभा क्षेत्र में कुछ असामाजिक प्रवृत्ति के लोगों की सक्रियता कुछ विशेष बढ़ चुकी है। अक्सर पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास जी के प्रयासों से हुए विकास योजनाओं को चिन्हित कर नुकसान पहुंचाए जा रहे हैं। पूर्व में सम्बंधित मामले में कार्यवाई की आग्रह सहित ज्ञापन समर्पित की जा चुकी है। पूर्वी विधानसभा क्षेत्र के कई सामुदायिक भवनों के संचालन में असामाजिक प्रवृत्ति के लोगों द्वारा अवरोध उत्पन्न की जा रही है। संचालन कर रहे समिति के सदस्यों, जिनमें अधिकांश स्थानीय बस्तीवासी शामिल रहते हैं, को डराया धमकाया जा रहा है। कुछ एक भवनों की चाभियाँ श्री सरयू राय जी के तथाकथित समर्थकों द्वारा संचालक सदस्यों से मारपीट कर छीन लिए गए हैं। इससे स्थानीय बस्तीवासीयों में भी इस आशय में रोष व्याप्त है। ऐसे हिंसक घटनाओं का कारित होना सभ्य समाज में गलत संदेश प्रचारित कर रहा है। अचानक सक्रिय हुए कुछ असामाजिक लोगों के भय से स्थानीय लोग भी भयक्रांत हैं। भाजपा ने इस प्रकार की घटनाक्रमों से सामाजिक वैमनस्य बिगड़ने तथा विधि व्यवस्था में बाधा उत्पन्न होने की आशंका व्यक्त की है। भाजपा महानगर अध्यक्ष दिनेश कुमार ने कहा कि थीम पार्क में माननीय विधायक के लिए विशेष सुविधा और जनसाधारण के लिए नियमों में सख्ती करना कतई उचित नहीं है। यह भेदभाव युक्त व्यवहार है। जमशेदपुर वन विभाग इस दिशा में विधायक सरयू राय पर उचित कार्यवाई करें अन्यथा जनसाधारण के लिए घोड़ाबंधा थीम पार्क में लगाये गए उपरोक्त आशय के प्रतिबंध/रोक को हटाने की घोषणा करें। प्रशासन की प्राथमिकता जनसुविधा होती है। कहा कि माननीय विधायक को विशेष सुविधा देकर आम जनता को मुँह चिढ़ाने वाले नियमों के विरुद्ध भारतीय जनता पार्टी चिंता जाहिर करती है एवं कड़े शब्दों में निंदा करती है। वहीं, पूर्वी विधानसभा के सामुदायिक भवनों की हालिया घटना पर सभी सामुदायिक भवनों का संचालन कर रही स्थानीय समितियों एवं लोगों को उचित सुरक्षा मुहैया कराने की माँग की।


इस दौरान सांसद विद्युत वरण महतो, भाजपा महानगर अध्यक्ष दिनेश कुमार,रामबाबू तिवारी,खेमलाल चौधरी,चितरंजन वर्मा,भूपेंद्र सिंह,कमलेश सिंह,संजीव सिंह,संजीव कुमार,गुंजन यादव,हलधर नारायण साह,धर्मेंद्र प्रसाद,पवन अग्रवाल,अनिल मोदी,चंद्रशेखर गुप्ता,विमल कांत झा,राकेश सिंह,सुनील बारी,पुष्पा तिर्की,मुचिराम बाउरी, दीपक पारिख,अंकित आनंद,अमरजीत सिंह राजा,काजू सांडिल्य,विमल बैठा, मंजीत सिंह,विजय तिवारी,शिवप्रकाश शर्मा,अजय सिंह,रामप्रसाद जायसवाल,श्रीकांत देव,रश्मि शर्मा,किरण सिंह,प्रीति सिन्हा,ज्योति अधिकारी,लीना चौधरी,दीपू सिंह,श्रीराम प्रसाद,प्रोबिर चटर्जी राणा,पंकज सिन्हा, रमेश नाग,दीपक झा,गौतम प्रसाद सहित सैकड़ों की संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित थे।

