
जमशेदपुर।
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और मोदी सरकार में कैबिनेट मंत्री बनें श्री अमित शाह के 10 अकबर रोड स्थित आवास पर भाजपा के शानदार प्रदर्शन के निमित्त भोज का आयोजन हुआ। पीएम मोदी एवं कैबिनेट मंत्रियों के शपथ ग्रहण समारोह के बाद रात्रि भोज का आयोजन पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष के आवास पर हुआ। इस भोज में जमशेदपुर महानगर भाजपा के जिलाध्यक्ष दिनेश कुमार सम्मिलित हुए। शपथ ग्रहण समारोह देखने दिल्ली गए पार्टी के जिलाध्यक्षों को गुरुवार दोपहर में ही रात्रि भोज के संदर्भ में आमंत्रण दिया गया। इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष दिनेश कुमार ने पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और मोदी कैबिनेट के मंत्री अमित शाह से मिलकर उन्हें बधाई और शुभकामनाएं दिए। कहा कि भाजपा के पक्ष में आये प्रचंड जनादेश के पीछे अमित शाह की संगठन कौशल और कारगर रणनीति की मुख्य भूमिका है। दिनेश कुमार गुरुवार को ही सुबह फ्लाईट से दिल्ली पहुँचें थे। यह पहला अवसर है जब केंद्र सरकार के शपथ ग्रहण समारोह में भाजपा के सभी जिलाध्यक्षों को भी आमंत्रित किया गया था। भाजपा इस प्रचंड जीत का श्रेय मोदी सरकार की नीतियों के अलावे भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों की कड़ी मेहनत को देती है।

