
मधुबनी |

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने समृद्धि यात्रा के क्रम में आज मधुबनी जिले को विकास की बड़ी सौगात दी। मुख्यमंत्री ने जिले में 391 करोड़ रुपये की लागत से कुल 395 विकास योजनाओं का शिलापट्ट अनावरण कर उद्घाटन एवं शिलान्यास किया। इनमें 93 करोड़ की 294 योजनाओं का उद्घाटन तथा 298 करोड़ की 101 योजनाओं का शिलान्यास शामिल है।
READ MORE :JAMSHEDPUR NEWS ;-पांच दिवसीय बैंकिंग कार्य दिवस की मांग को लेकर बैंकों की देशव्यापी हड़ताल
विकास योजनाओं की प्रगति का लिया जायजा
दौरे के दौरान मुख्यमंत्री ने झंझारपुर प्रखंड के अररिया संग्राम ग्राम पंचायत में स्थित मिथिला हाट फेज–II (रिवर फ्रंट डेवलपमेंट) का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों से प्रगति यात्रा के दौरान घोषित योजनाओं की अद्यतन स्थिति की जानकारी ली। अधिकारियों ने बताया कि मिथिला हाट का विस्तार एवं सौंदर्यीकरण, मधुबनी अंतर्राज्यीय बस अड्डा, जय नगर शहीद चौक पर आरओबी, तथा मधुबनी रिंग रोड के निर्माण कार्य प्रगति पर हैं।
औद्योगिक विकास और पर्यटन को बढ़ावा
मुख्यमंत्री को अवगत कराया गया कि एनएच–27 के समीप लौकही प्रखंड में 450 एकड़ में औद्योगिक क्षेत्र का विकास प्रस्तावित है। इसके साथ ही झंझारपुर अंचल के लोहना मौजा में 250 एकड़ में औद्योगिक केंद्र की स्थापना तथा मां सीता–प्रभु श्रीराम के प्रथम मिलन स्थल (फुलहर स्थान) को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने का कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है।
पंचायत सरकार भवन और शिक्षा सुविधाओं का निरीक्षण
मुख्यमंत्री ने अररिया संग्राम स्थित पंचायत सरकार भवन का जायजा लिया। उन्होंने ग्राम न्यायालय, ग्राम सभा कक्ष और पंचायत ज्ञान केंद्र (पुस्तकालय) का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने बताया कि ज्ञान केंद्र का लाभ आसपास के छात्र–छात्राएं नियमित रूप से ले रहे हैं।
READ MORE :Jamshedpur News :देश को कमजोर करने वालों से सख्ती से निपटे सरकारः सरयू राय
जीविका भवन का लोकार्पण, लाभुकों को सहायता
मुख्यमंत्री ने नवनिर्मित जीविका भवन का लोकार्पण कर जीविका दीदियों को चाबी सौंपी। उन्होंने स्टॉलों का अवलोकन किया और 26,312 स्वयं सहायता समूहों को 301 करोड़ रुपये का बैंक लिंकेज तथा 507 लाभार्थियों को 2.53 करोड़ रुपये का सांकेतिक चेक प्रदान किया।
तालाब सौंदर्यीकरण व सामाजिक योजनाएं
अररिया संग्राम में तालाब सौंदर्यीकरण का निरीक्षण करते हुए मुख्यमंत्री ने चारों ओर सीढ़ीनुमा घाट निर्माण के निर्देश दिए। कार्यक्रम स्थल पर विभिन्न विभागों के स्टॉलों से दिव्यांग ट्राइसाइकिल, आयुष्मान कार्ड, स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड, मुख्यमंत्री नारी शक्ति योजना, प्रखंड परिवहन योजना समेत कई योजनाओं के लाभ वितरित किए गए।
समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण कार्य के निर्देश
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी विकासात्मक एवं कल्याणकारी योजनाएं निर्धारित समयसीमा में उच्च गुणवत्ता के साथ पूरी हों, ताकि क्षेत्रीय विकास को नई गति मिले।



