Patna
बिहार की सबसे बड़ी प्रोफेशनल लर्निंग कम्युनिटी टीचर्स ऑफ बिहार के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर 20 जनवरी से 20 फरवरी तक आयोजित होने वाले तृतीय स्थापना महोत्सव के अंतर्गत रविवार को जूम ऐप के माध्यम से काव्य पाठ “काव्यांजलि 2.0” का आयोजन किया गया। इस काव्य पाठ में पूरे बिहार से 10 दस ऐसे रचनाकार शिक्षक/शिक्षिकाएं शामिल हुए जो अपनी काव्य रचनाओं को टीचर्स ऑफ बिहार के वेबसाइट “पद्यपंकज” पर नियमित रूप से प्रकाशित कर रहें थे। ऐसे दस रचनाकारों का चयन “पहले आओ, पहले पाओ” के आधार पर किया गया। इन दस रचनाकारों में सीमा कुमारी, बेगूसराय, सत्यम कंठ, मुजफ्फरपुर, आरती कुमारी, मुजफ्फरपुर, निधि चौधरी, किशनगंज, विनोद उपाध्याय, अरवल, विमल कुमार विनोद, बांका, ज्योति रीता, अररिया, गिरिधर कुमार, कटिहार, कुमकुम कुमारी, मुंगेर, एम. एफ. हुसैन ‘कैमूरी’, कैमूर का नाम शामिल है। जूम ऐप पर ऑनलाइन मोड में संचालित काव्य पाठ काव्यांजलि 2.0 का संचालन टीम टीचर्स ऑफ बिहार की मॉडरेटर किशनगंज की शिक्षिका निधि चौधरी ने किया।
टीचर्स ऑफ बिहार के फाउंडर पटना जिले के शिक्षक शिव कुमार ने कहा कि काव्य पाठ काव्यांजलि 2.0 में शामिल सभी दस रचनाकारों को सम्मान स्वरूप प्रशस्ति पत्र प्रदान किया जाएगा। उन्होंने कहा कि ऑनलाइन मोड में संचालित इस कार्यक्रम के सफल संचालन में टीम टीचर्स ऑफ बिहार के तकनीकी टीम लीडर शिवेंद्र सुमन का महत्वपूर्ण योगदान रहा। साथ ही उन्होंने कार्यक्रम के सफल क्रियान्वयन में शामिल टीम टीचर्स ऑफ बिहार के सभी सक्रिय सदस्यों के प्रति आभार प्रकट किया।
इसकी जानकारी टीम टीचर्स ऑफ बिहार के प्रदेश प्रवक्ता रंजेश कुमार एवम प्रदेश मीडिया संयोजक-मृत्युंजय ठाकुर ने संयुक्त रूप से दी।

