जमशेदपुर।
अलकायदा से जुड़े होने के आरोप में हरियाणा पुलिस ने जमशेदपुर के धतकीडीह निवासी अब्दुल सामी को गिरफ्तार किया है। वह पूर्व में गिरफ्तार अब्दुल रहमान कटकी का सहयोगी रहा है। कटकी के कहने पर उसने आतंकी प्रशिक्षण भी लिया थ। कटकी ने ही अपने बयान में झारखंड के आठ युवकों का नाम लिया है, इसमें से एक सामी भी है। सात अन्य युवकों की तलाश पुलिस कर रही है। एडीजीपी एसएन प्रधान ने बताया कि पकड़े गए युवक से झारखंड के नेटवर्क तलाशने के लिए एटीएस की टीम मंगलवार को दिल्ली जाएगी।
दिल्ली और झारखंड पुलिस का छापा एक सप्ताह पहले जमशेदपुर के कई ठिकानों पर पड़ा था। दिल्ली की टीम जमशेदपुर आयी थी और उन सभी युवकों की तलाश कर रही थी, जिनके नाम कटकी ने लिए थे। कटकी पाकिस्तान में आतंकी प्रशिक्षण प्राप्त कर चुका है।
अलकायदा के भारत में सेल बनाने की सूचना के साथ ही झारखंड पुलिस सतर्क हो गई थी। पहले भी आइएम, सिमी, बांग्लादेशी आतंकी संगठन और अन्य प्रतिबंधित संगठनों के कई युवक झारखंड से जुड़े रहे हैं। सीरियल ब्लास्ट में भी झारखंड के युवकों की भूमिका रही है।
कटकी अलकायदा के भारतीय सेल का इंचार्ज था। इसमें 20- 25 लोग थे, अधिकांश को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
