
जमशेदपुर: आज की युवा पीढ़ी जहां जन्मदिन पर भव्य पार्टियों और उत्सवों को प्राथमिकता देती है, वहीं जेन-जी (Gen Z) की युवा अंशिका राज ने अपने 18वें जन्मदिन को समाजसेवा के नाम समर्पित कर एक प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत किया। वयस्क होने के बाद पहली बार उन्होंने रक्तदान कर मानवता की सेवा का संदेश दिया और समाज में सकारात्मक सोच को बढ़ावा दिया।


18वें जन्मदिन पर लिया रक्तदान का संकल्प
अंशिका राज ने हाल ही में अपनी 12वीं की पढ़ाई पूरी की है और अब भुवनेश्वर स्थित KIIT University में कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग में प्रवेश लिया है। उन्होंने अपने प्रथम वयस्क जन्मदिन को यादगार बनाने के लिए रक्तदान करने का निर्णय लिया।
रक्तदान से पहले उन्होंने अपने स्वास्थ्य और हीमोग्लोबिन स्तर को बेहतर बनाए रखने के लिए विशेष डाइट प्लान का पालन किया, ताकि सुरक्षित तरीके से रक्तदान कर सकें।
पिता से मिली प्रेरणा
अंशिका के पिता सुनीत कुमार, जो एक व्यवसायी, रोटरी क्लब ऑफ जमशेदपुर के सचिव और नियमित रक्तदाता हैं, अब तक 50 से अधिक बार रक्तदान कर चुके हैं। उनकी समाजसेवा और रक्तदान की भावना से प्रेरित होकर अंशिका ने भी मानव जीवन बचाने के इस अभियान से जुड़ने का फैसला किया।
उनकी माता अर्चना रानी, केपीएस कदमा में शिक्षिका हैं और उन्होंने भी बेटी के इस निर्णय की सराहना की।
कई लोगों ने किया रक्तदान
अंशिका के इस प्रेरणादायक कदम का समर्थन करने के लिए उनके पिता सुनीत कुमार के साथ आशीष तिवारी, आदर्श सिवाना, अश्मित शेखर, मनोज यादव और अनूप लाल ने भी रक्तदान किया।
इस अवसर पर रक्तदान शिविर का माहौल उत्साहपूर्ण रहा और लोगों ने युवाओं से नियमित रक्तदान के लिए आगे आने की अपील की।
रोटरी क्लब और ब्लड बैंक ने की सराहना
कार्यक्रम में रोटरी क्लब की डिस्ट्रिक्ट गवर्नर अनु नारंग, सहायक गवर्नर शिवानी गोयल, डॉ. मंजू सिंह, ब्लड बैंक के महाप्रबंधक संजय चौधरी और सचिव नलिनी राममूर्ति ने अंशिका राज के इस सामाजिक कदम की सराहना की।
वक्ताओं ने कहा कि यदि अधिक से अधिक युवा 18 वर्ष की आयु पूरी होने के बाद स्वेच्छा से रक्तदान करें, तो जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित की जा सकती है।
केक काटकर मनाया जन्मदिन
रक्तदान कार्यक्रम के बाद केक काटकर जन्मदिन मनाया गया। इस दौरान आगंतुकों के लिए अल्पाहार और पेय पदार्थ की व्यवस्था की गई। शहर के कई गणमान्य नागरिकों ने उपस्थित होकर अंशिका को शुभकामनाएं दीं और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।



