अजय धारी सिंह
मधुबनी: बिहार के मुख्यमंत्री द्वारा मधुबनी जिला के हवाई सर्वेक्षण
के उपरांत समीक्षात्मक बैठक में दिए गये निर्देशों के आलोक में जिलाधिकारी, मधुबनी अमित कुमार के द्वारा मधुबनी जिलान्तर्गत आसन्न बाढ़ के संदर्भ में हवाई सर्वेक्षण किया गया. इस क्रम में उपरोक्त सभी स्थानों पर जल-जमाव की स्थिति का आकलन भी किया गया.
जिले के कई प्रखंडों का पदाधिकारियों ने किया हवाई सर्वेक्षण
मधुबनी जिला प्रशासन के द्वारा बाढ़ नियंत्रण की तैयारियों के
मद्देनजर तथा अविलंब इस संबंध में योजना निर्माण एवं दिशा-निर्देशों और परिचालन के लिए हवाई सर्वेक्षण किया गया. सर्वेक्षण में जल-जमाव की स्थिति तथा जिला के मुख्य नदियों तथा तटबंधो की स्थिति का अवलोकन जिला पदाधिकारी, मधुबनी सहित सभी पदाधिकारियों द्वारा किया गया. हवाई सर्वेक्षण के क्रम में सबसे पहले बेनीपट्टी प्रखण्ड के करहारा पंचायत, मधवापुर प्रखण्ड के अन्दौली पंचायत, खजौली प्रखण्ड के सुक्खी गाँव, घोघरडीहा प्रखण्ड, फुलपरास प्रखण्ड के रामनगर पंचायत तथा मधेपुर प्रखण्ड के गढ़गाँव पंचायत का सर्वेक्षण किया गया.
कृषि, जल संसाधन और आपदा प्रबंधन विभाग के पदाधिकारी भी थे DM के साथ
ज्ञात हो कि जून महीने में आये साइक्लोन के समय से ही जिले भर में लगातार बारिश हो रही है. लगातार बारिश के कारण जिले भर के नदी-नाले, चौर और तालाब पूरी तरह भर गए हैं, जिसके कारण जिले में बाढ़ की स्थिति उत्पन्न हो गयी है. इस दौरान बिहार सरकार के कृषि विभाग के निदेशक आदेश तितरमारे, जल संसाधन विभाग बिहार सरकार के मुख्य अभियंता तथा आपदा प्रबंधन विभाग के अन्य पदाधिकारी भी शामिल थे.
