डेस्क,नई दिल्ली,28 मार्च
भारतीय वायु सेना का सी-130जे विमान ग्वालियर हवाई अड्डे से 72 मील पश्चिम में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। यह विमान आगरा से प्रात: 10 बजे फ्लाईंग प्रशिक्षण की उड़ान पर था। दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए जांच के आदेश दिए गए हैं।
भारतीय वायुसेना का सी-130 जे विमान मध्य प्रदेश और राजस्थान सीमा पर करौली के निकट शुक्रवार को दुर्घटनाग्रस्त हो गया है। घटना में पायलट सहित 5 की मौत हो गई है। बताया जा रहा है कि विमान ने आगरा से रूटीन ट्रेनिंग उड़ान भरी थी और श्योपुर के पास चंबल नदी पार कर राजस्थान के करोली जिले के करमपुरा थाना क्षेत्र के महाराजपुरा पुलिस चौकी के पास गिर गया। घटना सुबह 9 से 9.30 बजे के बीच होनी बताई जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, विमान में पहले धमाके के साथ आग लगी और उसके बाद वह क्रैश हो गया। घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने प्रशासन को सूचना दी।
जानकारी के मुताबिक, करौली जिला प्रशासन और श्योपुर का पुलिस अमला भी मौके पर पहुंच गया है। साथ ही एयरफोर्स के ग्वालियर और आगरा एयरबेस से लोग भी पहुंच रहे हैं। एयरफोर्स सूत्रों के मुताबिक, ग्वालियर, आगरा, बरेली से वायुसेना के हेलिकॉप्टर घटनास्थल के लिए निकल चुके हैं। वहीं एयरफोर्स ने दुर्घटना की जांच के आदेश दे दिए हैं।
एयरफोर्स से मिली शुरुआती जानकारी के मुताबिक, दुर्घटना में शहीद अफसरों के नाम हैं-
विंग कमांडर जोशी
विंग कमांडर नायर
स्क्वॉड्रन लीडर मिश्रा
स्क्वॉड्रन लीडर यादव और
वारंट ऑफिसर के के सिंह





