
आदित्यपुर । आदित्यपुर थाना पुलिस ने बुधवार को एनडीपीएस एक्ट से जुड़े दो अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए लंबे समय से फरार चल रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया। पहले मामले में वर्ष 2025 के आदित्यपुर थाना कांड संख्या 97/25 में ब्राउन शुगर तस्करी मामले की फरार आरोपी नाजिया परवीन को गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार मामले में गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के दौरान नाजिया का नाम मुख्य साजिशकर्ता के रूप में सामने आया था। कार्रवाई के दौरान वह ब्राउन शुगर फेंककर फरार हो गई थी। घटना के बाद वह करीब डेढ़ वर्ष तक मुंबई, दिल्ली, ओडिशा और पश्चिम बंगाल में छिपकर रह रही थी। हाल ही में उसके जीवनपुर-कोलाबीरा, सरायकेला लौटने की सूचना पर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। दूसरे मामले में एनडीपीएस एक्ट के कांड संख्या 209/2026 के फरार आरोपी विपुल कर्मकार उर्फ विपुल लोहार को राम मड़ैया बस्ती से गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार वह गिरफ्तारी से बचने के लिए छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में छिपा हुआ था। विपुल के खिलाफ लूट, छिनतई, आर्म्स एक्ट और मादक पदार्थ तस्करी के कई मामले दर्ज हैं।

