
आदित्यपुर, 26 सितंबर 2026: कुड़मी सेना टोटोमिक के तत्वावधान में रविवार, 27 सितंबर 2026 को आदित्यपुर फुटबॉल मैदान में भव्य करमा महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। आयोजन को लेकर शनिवार शाम प्रेस वार्ता कर तैयारियों और कार्यक्रम की जानकारी दी गई।
कुड़मी सेना टोटोमिक के केंद्रीय अध्यक्ष लालटू महतो ने बताया कि महोत्सव का उद्देश्य झारखंड की लोक-संस्कृति और खेत-खलिहान से जुड़ी पुरखों की परंपराओं को जीवंत बनाए रखना है। उन्होंने कहा कि समाज की सांस्कृतिक विरासत और परंपराओं को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के लिए यह आयोजन लगातार किया जा रहा है।
खरकई ब्रिज से करम डाल लेकर पहुंचेंगी बहनें
लालटू महतो के अनुसार इस वर्ष करमा महोत्सव का प्रमुख आकर्षण ‘डहरे करम’ होगा। इसके तहत महिलाएं और बहनें खरकई ब्रिज से करम डाल लेकर पारंपरिक गीतों पर नृत्य करते हुए आदित्यपुर फुटबॉल मैदान पहुंचेंगी।
आयोजकों के अनुसार कार्यक्रम में झारखंड के अलावा पश्चिम बंगाल और ओडिशा से भी बड़ी संख्या में लोगों के शामिल होने की उम्मीद है। महोत्सव को लेकर मैदान में आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
विलुप्त हो रही परंपराओं को सहेजने पर जोर
कुड़मी सेना टोटोमिक की प्रदेश अध्यक्ष पिंकी महतो ने कहा कि नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ना जरूरी है। उन्होंने बुढ़ी नाच और पाता नाच जैसी परंपराओं को संरक्षित करने पर जोर दिया।
उन्होंने माताओं, बहनों और युवाओं से अधिक से अधिक संख्या में करमा महोत्सव में शामिल होने की अपील की।
सांस्कृतिक दलों के लिए पुरस्कार
नेता प्रकाश कुमार महतो ने बताया कि महोत्सव में झूमर और विभिन्न सांस्कृतिक दलों की प्रस्तुतियां होंगी। प्रतिभागियों को प्रोत्साहित करने के लिए पुरस्कार भी रखे गए हैं।
- प्रथम पुरस्कार: ₹25,000
- द्वितीय पुरस्कार: ₹18,000
- तृतीय पुरस्कार: ₹12,000
- चतुर्थ पुरस्कार: ₹8,000
आयोजकों के मुताबिक करमा महोत्सव के माध्यम से पारंपरिक गीत-संगीत, नृत्य और लोक संस्कृति को मंच देने का प्रयास किया जा रहा है।
प्रेस वार्ता में अमित दुबे, लुलु महतो, विक्की विश्वास, छुटुन महतो, रंजीत दास, शंकर नायक, शरद महतो, रितेन महतो और उज्जवल महतो सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।

