
आदित्यपुर।
आदित्यपुर नगर निगम चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। भारतीय जनता पार्टी ने अपने समर्थित मेयर प्रत्याशी संजय सरदार की जीत सुनिश्चित करने के लिए चुनावी रणनीति को धार दे दी है। इसी क्रम में गुरुवार शाम आदित्यपुर के शेर-ए-पंजाब चौक स्थित बोधि कॉम्प्लेक्स में आदित्यपुर मंडल भाजपा के केंद्रीय चुनावी कार्यालय का विधिवत उद्घाटन किया गया।
प्रमुख अतिथियों ने किया उद्घाटन
चुनावी कार्यालय का उद्घाटन आदित्यपुर के पूर्व मेयर विनोद श्रीवास्तव, भाजपा जिलाध्यक्ष हरे कृष्ण प्रधान एवं मेयर प्रत्याशी संजय सरदार ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया। इस अवसर पर उपस्थित कार्यकर्ताओं में उत्साह और जोश देखने को मिला।
कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर प्रचार का आह्वान
उद्घाटन के बाद आयोजित सभा को संबोधित करते हुए नेताओं ने कहा कि आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए भाजपा का सशक्त नेतृत्व आवश्यक है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से घर-घर जाकर जनसंपर्क अभियान तेज करने और संजय सरदार को भारी मतों से विजयी बनाने का आह्वान किया।
भाजपा की रणनीति तेज
सभा में वक्ताओं ने कहा कि पार्टी संगठन बूथ स्तर तक मजबूत है और हर वर्ग को साथ लेकर चुनाव मैदान में उतरेगी। आने वाले दिनों में प्रचार अभियान को और तेज किया जाएगा, जिसमें जनसभाएं, पदयात्राएं और संपर्क अभियान शामिल होंगे।
इस अवसर पर मंडल, जिला और मोर्चा स्तर के कई पदाधिकारी, वरिष्ठ नेता एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित थे।


