
जमशेदपुर। राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी) जमशेदपुर में श्री श्री काली पूजा समिति द्वारा इस वर्ष भी भव्य काली पूजा का आयोजन बड़े श्रद्धा और उत्साह के साथ किया गया। यह आयोजन संस्थान की एक 54 वर्ष पुरानी परंपरा का हिस्सा है, जो आज भी पूरे भक्ति भाव से निभाई जा रही है।
कार्यक्रम का शुभारंभ शाम 7 बजे एनआईटी जमशेदपुर के निदेशक प्रो. गौतम सूत्रधार के करकमलों द्वारा किया गया। पूजा विधि-विधान के साथ मध्यरात्रि 12 बजे संपन्न हुई। इसके उपरांत रात्रि 3 बजे तक हजारों श्रद्धालुओं के बीच भोग वितरण किया गया। पूजा स्थल पर श्रद्धालुओं की भीड़ देर रात तक बनी रही।
इस अवसर पर निदेशक प्रो. गौतम सूत्रधार की धर्मपत्नी श्रीमती इंद्राणी सूत्रधार, उपनिदेशक प्रो. राम विनय शर्मा, कुलसचिव प्रो. सरोज सारंगी, पूजा समिति के संरक्षक प्रो. शैलेन्द्र कुमार, अध्यक्ष डॉ. अमित प्रकाश, उपाध्यक्ष डॉ. जयेंद्र कुमार, और कोषाध्यक्ष सुधीर कुमार सहित कई शिक्षक, कर्मचारी और छात्र मौजूद रहे।
पूजा आयोजन में माँ काली के अनन्य भक्त प्रशांत मल की विशेष भूमिका रही। वे पिछले कई वर्षों से प्रतिदिन और प्रत्येक अमावस्या को इसी स्थल पर माँ काली की पूजा-अर्चना करते हैं। समिति सदस्यों का कहना है कि प्रशांत मल के समर्पण और निष्ठा के बिना इस आयोजन की कल्पना संभव नहीं है।
पूजा स्थल को आकर्षक विद्युत सज्जा, पुष्पों और पारंपरिक अलंकरण से सजाया गया था। पूरा वातावरण देवी भक्ति के रंग में सराबोर हो गया था। माँ काली की मूर्ति के दर्शन के लिए छात्रों, संकाय सदस्यों और स्थानीय श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा।
इस अवसर पर निदेशक प्रो. गौतम सूत्रधार ने माँ काली से संस्थान की गरिमा और प्रगति की कामना की। उन्होंने कहा कि यह पूजा केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि सामुदायिक एकता और सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक है।
READ MORE :ADITYAPUR NEWS :एनआईटी जमशेदपुर में Algebra और Fluid Dynamics पर अंतरराष्ट्रीय कार्यशाला का शुभारंभ
पूजा समिति के सदस्यों ने बताया कि आयोजन के दौरान सुरक्षा, प्रकाश व्यवस्था और स्वच्छता का विशेष ध्यान रखा गया था। पूरे परिसर में भक्ति और उल्लास का वातावरण बना रहा।
रात्रि में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में छात्रों ने भक्ति गीत और नृत्य प्रस्तुतियां दीं, जिसने माहौल को और भी भक्तिमय बना दिया।


