रांंची।
राष्ट्रपति, भारत श्री प्रणब मुखर्जी ने आज रांची के आड्रे हाउस स्थित आर्ट गैलरी का उदघाटन किया। साथ ही झारखंड प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय का भी ऑनलाईन शिलान्यास किया। झारखण्ड सरकार ने झारखंड प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के निर्माण के लिए 80.98 करोड़ रू0 की राशी स्वीकृत की है। इससे पहले आड्रे हाउस पहुंचने पर राष्ट्रपति का परम्परागत झारखण्डी लोक-नृत्य से स्वागत किया गया।
माननीय राष्ट्रपति श्री प्रणब मुखर्जी ने संध्या 6.30 बजे एतिहासिक आड्रे हाउस में पधारने के बाद आर्ट गैलरी में तैल चित्र, पेंटिंग, कलाकृतियों का बारीकी से अवलोकन किया। इस अवसर पर माननीय राष्ट्रपति के साथ माननीय राज्यपाल, झारखंड श्रीमती द्रौपदी मुर्मू एवं मुख्यमंत्री, झारखंड श्री रघुवर दास ,मंत्री, उच्च एवं तकनीकी शिक्षा विभाग डॉ नीरा यादव एवं मंत्री, कला संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग श्री अमर कुमार बाउरी भी थे।
विदित हो कि 1855 में आड्रे हाउस का निर्माण कराया गया था। झारखण्ड सरकार ने इसे सांस्कृतिक धरोहर मानते हुए संरक्षित करने का निर्णय लिया और विषेषज्ञों के सहयोग से इसका जीर्णोद्धार कराया गया। इस आर्ट गैलरी में श्री हरेन ठाकुर समेत झारखण्ड के लब्ध प्रतिष्ठित चित्रकारों व षिल्पकारों की कलाकृतियां रखी गई हैं।




