
गम्हरिया


—–
दूर्गा पूजनोत्सव के दौरान किसी भी प्रकार से शांति भंग करनेवाले शरारती तत्वों, मजनुओं तथा सड़कों पर तेजी से वाहन चलाने वालों से पुलिस सख्ती से निबटेगी। सर्विस रोड एवं बोलायडीह मुख्य मार्ग पर अतिक्रमण करनेवालों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। दूर्गापूजा के मद्येनजर गम्हरिया थाना परिसर में आयोजित शांति समिति की बैठक की अध्यक्षता करते हुए थाना प्रभारी जय प्रकाश राणा ने यह बातें कही। उन्होंने कहा कि पंडालों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था के लिए पर्याप्त पुलिस बलों की प्रतिनियुक्ति की जाएगी। छोटा गम्हरिया दूर्गापूजा मैदान में सीसीटीवी कैमरे से निगरानी रखा जाएगा। इस मौके पर उपस्थित विभिन्न पूजा कमेटी के सदस्यों ने अपने-अपने क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं से थाना प्रभारी को अवगत कराया गया। बताया गया कि पूजा के दौरान रात्रि दस बजे के बाद लाउडस्पीकर की तेज आवाज पर प्रतिबंध रहेगा। जबकि अश्लील व फूहड़ गानों पर पूर्ण रुप से रोक रहेगी। थाना प्रभारी ने कहा कि मुख्य मार्ग को जाम से मुक्त रखने के लिए एक भी वाहन का ठहराव नहीं होने दिया जाएगा। एनकेएस मैदान में मुर्गापाड़ा, दुग्धा कालीमंदिर में जुआ समेत अन्य कई बिन्दुओं पर भी बैठक में ध्यान आकृष्ट कराया गया। पूजा कमेटी के सदस्यों द्वारा शांतिपूर्ण माहौल में पूजनोत्सव आयोजित करने का संकल्प लिया गया। इस मौके पर कांग्रेस के वरीय जिला उपाध्यक्ष फूलकांत झा, झामुमो प्रखंउ अध्यक्ष अमृत महतो, राजद जिलाध्यक्ष संजय सिंह, डीएन सिंह, मुखिया रामू मुर्मु, पार्वती हांसदा, प्रभा देवी, रामानंद भक्ता, राजेश्वर ठाकुर, मनोरंजन सिंह, रजनी तिवारी, अमरेश कुमार ईश्वर, राजू रजक, सुधीर मिश्रा, कविलास यादव, अनामिका सरकार, संतोष तिवारी समेत सभी पूजा कमेटी के सदस्य व काफी संख्या में शांति समिति के सदस्य उपस्थित थे।

