
आपसी रंजीश के कारण हुई हत्या: पुलिस


पूछताछ के लिए नर्सरी का गार्ड हिरासत में, तीन युवकों पर संदेह
अभी हाल ही में मारपीट मामले में जेल से छूटकर आया था मृतक
सरायकेला(आदित्यपुर)।
थाना क्षेत्र अंतर्गत जयप्रकाश उद्यान स्थित बंद पड़ी दिंदली नर्सरी में बीती रात को एक युवक की पीट-पीटकर एवं चाकू मार और पत्थर से कुचलकर हत्या कर दी गई. युवक की पहचान जयप्रकाश नगर स्व नवल किशोर शर्मा के पुत्र नितेश कुमार शर्मा (27 वर्ष) के रूप में की गई. मृतक ईंटा-गिट्टïी व बालू का सप्लायर करता था. हत्या का कारण आपसी रंजीश बताया जाता है. वहीं पुलिस ने हत्याकांड से जुड़े आरोपियों की भी शिनाख्त कर ली है. पुलिस ने हत्यारे को जल्द पकडऩे का दावा किया है.
इस संबंध में मिली जानकारी के मुताबिक आदित्यपुर थाना क्षेत्र के जयप्रकाश उद्यान स्थित दिंदली नर्सरी के गार्ड रूम के पास रविवार रात करीब 10.30 बजे नितेश कुमार शर्मा हत्या उसके ही तीन साथियों द्वारा सुनियोजित तरीके से पत्थर से कुचलकर और चाकू मारकर कर दी गई थी, जिसके बाद पुलिस द्वारा आज सुबह सूचना मिलने पर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया और मामले की छानबीन शुरू कर दी गयी. इधर पुलिस द्वारा हत्याकांड की गुत्थी सुलझा लेने का दावा किया गया है. इस बावत सरायकेला के एसडीपीओ अविनाश कुमार ने पत्रकारों को बताया कि मृतक नितेश शर्मा हाल ही में एक मारपीट के मामले में सरायकेला जेल से छूटकर आया था. इधर, उसके ही कुछ साथियों द्वारा सुनियोजित तरीके से आपसी वर्चस्व के कारण इस हत्याकांड को अंजाम दिया गया है, जिसमें पुलिस ने हत्या में शामिल तीनों युवकों की पहचान कर ली है. हालांकि पुलिस ने हत्यारों के नाम नाम का खुलासा नहीं किया है, लेकिन पूरे हत्याकांड का पुलिस द्वारा जल्द उद्भेदन किया जायेगा.
मृतक के परिजन थाना पहुंचे, हत्यारे की गिरफ्तारी की मांग
इस घटना से नाराज होकर मृतक के परिजन और सैकड़ों की संख्या में कॉलोनी वासी आज दोपहर में आदित्यपुर थाना पहुचे और हत्यारों को जल्द से जल्द गिरफ्तार करने की मांग की. वहीं पुलिस ने इस मामले में पूछताछ के लिए नर्सरी के एक गार्ड को हिरासत में लिया है. ज्ञात हो कि नर्सरी के पास जहां घटना हुई है. उसके ठीक बगल में एकगार्ड रूम है, जहां वन विभाग का गार्ड रात में मौजूद था, जबकि उसने पुलिस से घटना के बारे में किसी भी प्रकार की जानकारी नहीं होने की बात कही है, जबकि कुछ ही दूर पर वन विभाग के कर्मचारियों का भी मकान स्थित है. इधर पुलिस हर पहलुओं की गंभीरता से जांच कर रही है.

