
सरायकेला।


आदित्यपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत टाटा-कांड्रा मुख्य मार्ग से 50 मीटर अंदर सुधा डेयरी के सामने टिस्को सोसाइटी में तड़के रविवार 2 बजे हथियारबंद बदमाशों ने सेवानिवृत्त टीजीएसकर्मी हेम नारायण सिंह के घर भीषण डकैती की घटना को अंजाम दिया है। जानकारी के मुताबिक 10 से 12 की संख्या में हथियारबंद बदमाश हेम नारायण सिंह के घर दस्तक दिया। इस दौरान तैनात सिक्योरिटी गार्ड को बंधक बनाकर सिक्योरिटी गार्ड से घर की चाबी मांगी। जब गार्ड ने नहीं होने की बात कही श् बदमाशों ने गार्ड को बांधकर घर के मुख्य दरवाजे के ताले को तोड़कर घर में प्रवेश कर गए। करीब ढ़ाई घंटे तक घर के अंदर जमकर लूटपाट मचाकर फरार हो गए हैं। इस घटना की सूचना जैसे ही आस-पड़ोस को मिली तो लोग हेम नारायण सिंह के घर पहुंचे। मामले की सुचना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस जांचोपरांत गार्ड को हिरासत में ले लिया है। पड़ोसियों ने बताया कि हेम नारायण सिंह शादी समारोह में शामिल होने के लिए सपरिवार छपरा गए हुए हैं। अपराधियों ने कितनी कि संपत्ति की डकैती की है। इसका आकलन अभी तक नहीं लगाया जा सका है। पड़ोसी ने बताया बदमाश घर में पांच ताले को तोड़ा इसके बाद घर के चार अलमीरा तथा दो कबाड के ताले तोड़ सोने चांदी के गहने और अन्य सामग्री लूट ली।
शादी समारोह में शामिल होने गया परिवार
सेवानिवृत्ती टीजीएस कर्मी हेम नारायण सिंह सपरिवार के साथ शादी समारोह में शामिल होने छपरा गए हुए हैं। जाने से पहले सेवा सहयोग सिक्योरिटी एजेंसी का सिक्युरिटी गार्ड घर के बाहर तैनात किया था।
घर के पांच ताले को तोड़ा
बदमाशों ने मुख्य गेट का ताला तोड़ने के उपरांत घर के चार कमरों का भी ताला तोड़ दिया। अलमीरा तोड़कर तथा कबाड तोड़कर समानों की लूटपाट की इस दौरान बदमाशों ने किचन में जाकर चाय बनाकर पिया। बदमाशों ने चुक्की को फोड़कर भी पैसे निकाल लिए।
गार्ड को बना लिया था बंधक
बदमाशों ने सुरक्षा में तैनात सिक्योरिटी गार्ड को बंधक बना लिया। वह चिल्ला नहीं सके इसको लेकर उसके मुंह में कपड़ा ठूंस दिए।
गार्ड की भूमिका संदिग्ध
पुलिस डकैती की इस घटना में गार्ड की भूमिका को संदिग्ध मान रही है। गार्ड के मुताबिक सुबह में दूसरे गार्ड तैनात था। वह नाईट ड्यूटी के लिए वहां पर उसी शाम आया था।
इससे पूर्व भी हो चुकी है डकैती
डकैती की यह पहली घटना नहीं है। इससे पूर्व भी बगल के विवेक विहार कॉलोनी के रहनेवाले टिस्कोकर्मी के घर डकैती की घटना घट चुकी है। उस मामले के 3 साल बीत जाने के बाद भी पुलिस के हाथ खाली है।

