खुद को लंगड़ी सरकार का मुखिया बताने वाले झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत
सोरेन घटक दलों के निशाने पर आ गए हैं। राजद और कांग्रेस ने हेमंत के
पश्चिम सिंहभूम के कुमारडुंगी में जनसभा में दिए बयान पर खुलकर सवाल
उठाए। राजद विधायक दल की नेता और राज्य की जल संसाधन व समाज कल्याण
मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने मुख्यमंत्री के बयान को बेजा बताते हुए कहा,
हेमंत को बताना चाहिए कि उन्होंने किन परिस्थितियों में यह बयान दिया।
कांग्रेस ने भी मुख्यमंत्री से स्पष्टीकरण मांगा है। विपक्ष खासकर भाजपा
ने विधानसभा में दैनिक जागरण की प्रति लहराते हुए सत्तापक्ष की जमकर
चुटकी ली। भाजपा विधायक उमाशंकर अकेला ने विधानसभा में व्यंग्य बाण
छोड़े। भाजपा विधायक और पूर्व विस अध्यक्ष सीपी सिंह ने भी हेमंत के
पश्चिम सिंहभूमि जिले के कुमारडुंगी में जनसभा में दिए बयान ‘वह कैसे
राज-काज चला रहे हैं, यह वह ही जानते हैं’ का कई बार इसका जिक्र किया,
जिससे सत्तापक्ष असहज दिखा। प्रश्नकाल के दौरान भी सिंह ने अपना संबोधन
कुछ ऐसे ही विशेषणों से आरंभ किया तो आसन से आपत्ति जताई गई। स्पीकर ने
नियमन दिया कि यह कार्यवाही का हिस्सा नहीं होगा। वहीं, प्रदेश कांग्रेस
अध्यक्ष सुखदेव भगत ने कहा, मुख्यमंत्री ने बताया है कि उनका आशय अब तक
की बनी तमाम सरकारों से था।
Prev Post
Comments are closed.