
रांची।

स्वयंसेवी संस्था युगांतर भारती द्वारा आगामी 29 मई से 5 जून तक रांची के ऑड्रे हाउस परिसर में पर्यावरण कॉन्क्लेव सह पर्यावरण मेला का आयोजन किया जा रहा है। इस अवसर पर पर्यावरण के विविध पक्षों, विभिन्न आर्थिक गतिविधियों के कारण पर्यावरण को होनेवाली क्षति के प्रभाव को न्यूनतम करने तथा पर्यावरण संरक्षण पर विशेष फोकस किया जाएगा। पर्यावरण मेला में कॉरपोरेट कंपनियों, सरकारी विभागों, प्रयोगशालाओं, प्रदूषण नियंत्रण उपकरणों, पर्यावरण आधारित पत्र-पत्रिकाओं के अलावा खानपान के स्टॉल भी लगाये जाएंगे। इसके अलावा एक पेंटिंग प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी। इसके अतिरिक्त प्रदूषण मुक्त उत्पादन (क्लीन प्रोडक्शन) करनेवाले उद्योगों को भी सम्मानित किया जाएगा। इस अवसर पर देश भर के पर्यावरण कार्यकर्ताओं, प्रकृति विज्ञानियों, बुद्धिजीवी तथा कलाकारों का जमावड़ा रांची में लगेगा। यह जानकारी आज डोरंडा स्थित अपने आवास पर आयोजित संवाददाता सम्मेलन में दामोदर बचाओ आंदोलन के अध्यक्ष तथा झारखंड सरकार में मंत्री सरयू राय ने दी। उन्होंने बतायाा कि विद्यार्थियों में पर्यावरण के प्रति चेतना जगाने के उद्देश्य से प्रखंड एवं जिला स्तर से लेकर राज्य स्तर तक स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग के सहयोग से चित्रांकन तथा निबंध प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। कक्षा 7 से लेकर 10 तक के बच्चों के लिए आयोजित इस प्रतियोगिता में प्रखंड एवं जिला स्तर पर प्रतियोगिताओं के माध्यम से चयनित बच्चे 30 जून को ऑड्रे हाउस में आयोजित राज्यस्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेंगे। चित्रांकन प्रतियोगिता का विषय है- “पृथ्वी, पर्यावरण एवं प्रकृति”, जबकि निबंध प्रतियोगिता का विषय है- “झारखंड की दम तोड़ती नदियां”। प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय और तृतीय आनेवाले बच्चों के अलावा एक दिव्यांग छात्र को भी सम्मानित किया जाएगा।
पर्यावरण साहित्य सम्मेलन में देश के नामी बुद्धिजीवियों को आमंत्रित किया जा रहा है।
2 तथा 3 जून को प्रसिद्ध जीव वैज्ञानिक तथा डीएनए फिंगरप्रिंटिंग के जनक डॉ लालजी सिंह की स्मृति में एक राष्ट्रीय सेमिनार का आयोजन किया जाएगा जिसका विषय है- “जेनेटिक विविधता, मानव स्वास्थ्य तथा पर्यावरण”।
प्रेस वार्ता में दामोदर बचाओ आंदोलन के अध्यक्ष एवं मंत्री सरयू राय के अलावा युगांतर भारती के कार्यकारी अध्य्क्ष अंशुल शरण, रक्षा शक्ति विश्वविद्यालय के डॉ एमके जमुआर, रांची विश्वविद्यालय के डॉ उदय कुमार, डॉ ज्योति प्रकाश, डीके श्रीवास्तव, युगांतर भारती के सचिव आशीष शीतल, निरंजन सिंह, समीर सिंह, संजय सिंह, रितेश गुप्ता, हरेन ठाकुर, रामानुज शेखर, राकेश कुमार इत्यादि उपस्थित थे।
कार्यक्रम सूची
29 मई : अपराह्न 4 बजे – उद्घाटन, व्याख्यान एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम।
30 मई : निबंध एवं चित्रांकन प्रतियोगिता का समापन।
31 मई : पर्यावरण संरक्षण एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम।
1 जून : पर्यावरण साहित्य सम्मेलन।
2-3 जून : जेनेटिक विविधता, मानव स्वास्थ्य तथा पर्यावरण विषय पर राष्ट्रीय सेमिनार एवं सांस्कृतिक संध्या।
4 जून : सांस्कृतिक कार्यक्रम।
5 जून : समापन समारोह।

