
रांची।
मंत्री सरयू राय की पहल पर कल पलामू टाइगर रिज़र्व (पीटीआर), बेतला में एक उच्चस्तरीय बैठक आयोजित है जिसमें मंत्री सरयू राय के अलावा वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के प्रधान सचिव सुखदेव सिंह सहित लातेहार ज़िला के उपायुक्त एवं अन्य अधिकारी तथा विशेष आमंत्रित विशेषज्ञ शामिल रहेंगे. बैठक का उद्देश्य पलामू टाइगर रिज़र्व का गौरव पुन:स्थापित करना है.
लातेहार ज़िला के प्रभारी मंत्री के नाते श्री राय ने मई 2016 में पीटीआर मे बैठक बुलाकर यहां की स्थिति में सुधार हेतु कई सुझाव दिए थे जिसकी समीक्षा उन्होंने गत माह की थी. समीक्षा बैठक मे उठे मुद्दों के समाधान के संदर्भ मे यह उच्चस्तरीय बैठक बुलाने का निर्णय हुआ था.
पीटीआर देश के पहले 9 टाइगर रिज़र्व में एक है जिसकी स्थापना 1974 में हुई. देश के दर्जनों टाइगर रिज़र्व काफी उन्नत हो गये पर पीटीआर की हालत बुरी हो गई. यहाँ कभी कभी बाघ दिखता है. फिर विलुप्त हो जाता है. पीटीआर बाघों का स्थायी निवास कैसे बने, यह बड़ी चुनौती है जिस पर बैठक में विचार होगा और कार्य योजना बनेगी.

