
रांची।23जुलाई

टमाटर, करेला, शिमला मिर्च आदि कतिपय सब्जियों की कीमतों में उछाल के मद्देनजर झारखंड सरकार के खाद्य सार्वजनिक वितरण विभाग ने इनका मूल्य नियंत्रित करने के लिये बाज़ार में हस्तक्षेप करने का मन बनाया है. विभागीय मंत्री सरयू राय ने इस हेतु झारखंड चैम्बर ऑफ कॉमर्स के प्रतिनिधियों के साथ विचार विमर्श करने का निर्देश विभागीय सचिव विनय कुमार चौबे को दिया है. यह बैठक सचिव ने कल 24 जुलाई को रखी है.
मंत्री ने बताया कि खाद्य वस्तुओं के मूल्य में काफी उछाल आने के समय मूल्य नियंत्रित करने के लिये सार्थक पहल हेतु विभाग के अधीन एक मूल्य स्थिरीकरण कोष का प्रावधान है. इस कोष का उपयोग सरकार इस हेतु करेगी. यदि खेत में अथवा थोक के मुकाबले खुदरा बाजार में इन सब्जियों के भाव में काफी अंतर रहेगा तो सरकार एक थोक ख़रीदार के रुप में और खुदरा विक्रेता के रुप में बाज़ार में उतर सकती है. इसके बारे मे अंतिम निर्णय चैम्बर के प्रतिनिधियों से वार्ता के उपरांत लिया जायेगा. मंत्री ने उम्मीद जताई है कि चैम्बर के सहयोग से सब्ज़ियों की कीमतें नियंत्रण में रहेंगी.

